पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया दूसरा टेस्ट, दूसरा दिन, न्यूज़ीलैंड पहली पारी 366; पाकिस्तान 52-2
वेलिंगटन में पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन न्यूज़ीलैंड की स्थिति मज़बूत नज़र आ रही है.
न्यूजीलैंड ने अपनी पहली पारी 366 रनों पर समाप्त की.
जवाब में पाकिस्तान की पारी की शुरुआत ख़राब रही.
न्यूज़ीलैंड ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पाकिस्तान के 52 रनों पर दो विकेट चटका दिए थे.
न्यूज़ीलैंड की पारी में जैकब ओरम ने 97 और मार्क रिचर्डसन ने 82 रनों का योगदान दिया.
डेनियल विटोरी ने 44 रन जोड़ कर न्यूज़ीलैंड को सम्मानजनक स्कोर तक पहुँचने में मदद की.
लेकिन पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज़ इमरान फरहत 20 पर और यासिर हमीद 3 रन के निजी स्कोर पर आउट हो गए.
एक समय तो पाकिस्तान का स्कोर था दो विकेट पर 30 रन.
लेकिन बाद में पारी को यूसुफ़ योहाना और तौफीक़ उमर ने संभाला.
दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर योहाना 11 पर और तौफीक़ 13 रन पर खेल रहे थे.
पहले दिन न्यूज़ीलैंड की टीम 151 रन बना पाई थी जबकि उसके पाँच स्टार बल्लेबाज़ आउट हो चुके थे.
लेकिन दूसरे दिन उसके पुछल्ले बल्लेबाज़ों ने अच्छे रन बटोरे.
पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ शोएब अख़्तर का प्रदर्शन अच्छा रहा और उन्होंने 48 रन देकर न्यूज़ीलैंड के पाँच विकेट चटकाए.
शोएब अख़्तर पहला टेस्ट मैच नहीं खेल पाए थे क्योंकि वे चोट से परेशान थे.
न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था.
दोनों देशों के बीच पहला टेस्ट मैच ड्रॉ रहा था.