http://www.bbcchindi.com

पीसीबी ने दौरे का प्रस्ताव भेजा

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने 26 फरवरी से भारतीय टीम के पाकिस्तान दौरे के कार्यक्रम का प्रस्ताव भेजा है.

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई को भेजे अपने प्रस्ताव में पीसीबी ने तीन टेस्ट और सात एक दिवसीय मैचों की बात कही है.

लेकिन अभी बीसीसीआई ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है.

कराची में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के एक अधिकारी ने बताया, "हमने 26 फरवरी और 15 अप्रैल के बीच तीन टेस्ट और सात एक दिवसीय मैचों का प्रस्ताव भेजा है. मैच कहाँ-कहाँ होंगे यह अभी तय नहीं किया गया है."

अधिकारी के अनुसार बीसीसीआई की सहमति मिलने के बाद ही मैच की तारीख़ और स्थान का फ़ैसला किया जाएगा.

लेकिन उन्होंने इसकी पुष्टि की कि कराची और पेशावर में मैच ज़रूर होंगे.

वैसे पाकिस्तान के दौरे पर जाने वाली कई टीमों ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए इन दोनों जगहों पर मैच खेलने से इनकार कर दिया था.

भारत और पाकिस्तान के बीच आख़िरी बार क्रिकेट टेस्ट मैच भारत में 1999 में हुए थे.

लेकिन भारतीय टीम ने 1989-90 की सिरीज़ के बाद पाकिस्तान जाकर टेस्ट मैच नहीं खेला है.

हालाँकि दोनों देशों के बीच एक दिवसीय मैच बांग्लादेश में एशिया कप और दक्षिण अफ़्रीका में हुए विश्व कप के दौरान हुए थे.