भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) अपनी क्रिकेट टीम अगले साल पाकिस्तान के दौरे पर टीम भेजने को राज़ी हो गया है.
लेकिन बोर्ड नई तारीख़े चाहता है.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने जो तारीख़े बीसीसीआई को भेजी हैं, उन पर भारत को आपत्ति है.
कारण ये है कि भारतीय क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया से लौटने के बाद आराम के लिए बहुत कम समय ही मिल पाएगा.
पिछले दिनों भारत सरकार ने पाकिस्तान के साथ खेल संबंध बहाल करने की घोषणा की थी.
पीसीबी के एक प्रवक्ता ने कहा, "हमने जो तारीख़े बीसीसीआई को भेजी थीं, उनसे भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद कुछ भी आराम नहीं मिल पाता."
भारत और पाकिस्तान के बीच आख़िरी बार क्रिकेट टेस्ट मैच भारत में 1999 में हुए थे.
लेकिन भारतीय टीम ने 1989-90 की सिरीज़ के बाद पाकिस्तान जाकर टेस्ट मैच नहीं खेला है.
हालाँकि दोनों देशों के बीच एक दिवसीय मैच बांग्लादेश में एशिया कप और दक्षिण अफ़्रीका में हुए विश्व कप के दौरान हुए थे.
पीसीबी ने भारत को तीन टेस्ट और सात एक दिवसीय मैच का प्रस्ताव भेजा था और कहा था कि सिरीज़ 19 फ़रवरी से शुरू होगी.
लेकिन भारतीय टीम 14 फ़रवरी को ऑस्ट्रेलिया के दौरे से वापस लौटेगी.
और इस कारण उसे थोड़ा सा भी आराम नहीं मिल पाएगा.
फ़िलहाल मैच के स्थानों पर भी अभी फ़ैसला नहीं हुआ है.
पाकिस्तान में सुरक्षा का मसला भी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच की राह में रोड़े अटकाता रहा है.
हाल ही में दक्षिण अफ़्रीका ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा रद्द कर दिया था. हालाँकि बाद में इस पर समझौता हुआ और दक्षिण अफ़्रीका ने पाकिस्तान का दौरा किया.
पिछले साल मई में न्यूज़ीलैंड की टीम ने सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा बीच में ही रद्द कर दिया था.