अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद यानी आईसीसी ने प्रतिबंध के ख़िलाफ़ दक्षिण अफ़्रीका के तेज़ गेंदबाज़ एंड्रयू हॉल की अपील ठुकरा दी है.
पाकिस्तान दौरे पर गई दक्षिण अफ़्रीका टीम के कप्तान ग्रैम स्मिथ और एंड्रयू हॉल पर अशोभनीय आचरण के लिए प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है.
दोनों लाहौर में दूसरे वनडे मैच के दौरान युसूफ़ योहाना के साथ झड़प में शामिल थे.
योहाना पर भी जुर्माना लगाया गया था.
स्मिथ को एक वनडे मैच खेलने से रोका गया है, जबकि हॉल एक पर वनडे के अलावा दो टेस्ट मैचों के लिए भी प्रतिबंध लगा दिया गया था.
स्मिथ और योहाना से जुर्माने के रूप में उनके मैच फ़ीस की आधी राशि ले ली जाएगी.
हॉल की अपील पर आईसीसी की आचार संहिता आयोग के सदस्य सर ओलिवर पॉपेलवेल ने आईसीसी रेफ़री क्लाइव लॉयड के फ़ैसले को उचित ठहराया.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के मैच रेफ़री क्लाइव लॉयड ने इन प्रतिबंधों की घोषणा की थी.
वीडियो सबूतों के आधार पर परिषद के प्रमुख मैल्कम स्पीड ने तीनों खिलाड़ियों पर आरोप तय किए थे.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद ने हॉल को योहाना को जान बूझकर कोहनी मारने का दोषी बताया है.
उस समय मैच के 13वें ओवर में योहाना एक रन लेने के लिए दौड़ रहे थे.
उस घटना के बाद दोनों में कहासुनी होने लगी, जिसमें बाद में स्मिथ भी शामिल हो गए और गाली-गलौज की.