विराट कोहली या रोहित शर्मा, आईपीएल के प्लेऑफ़ में चौथी टीम किसकी होगी?

इमेज स्रोत, ANI
- Author, अभिजीत श्रीवास्तव
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
आईपीएल में शनिवार को दो मुक़ाबले खेले गए. पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स तो दूसरे में लखनऊ सुपर जायंट्स की जीत हुई और दोनों टीमें प्लेऑफ़ के लिए क्वालिफ़ाई कर गईं.
इसके साथ ही आईपीएल 2023 के प्लेऑफ़ की तीन टीमें तय हो गईं. अब चौथी टीम का फ़ैसला आज होगा.
आज का पहला मुक़ाबला मुंबई इंडियंस और सनराइज़र्स हैदराबाद के बीच है, तो दूसरा मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस खेलेंगी.
शनिवार को अपने-अपने मुक़ाबले जीत कर चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स ने पॉइंट टेबल में एक समान 17 अंक अर्जित किए.
हालांकि 77 रनों के बड़े अंतर से दिल्ली कैपिटल्स को हराने वाली चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना नेट रन रेट 0.652 कर लिया और पॉइंट टेबल में दूसरे पायदान पर आ गई.
वहीं केवल एक रन से कोलकाता नाइट राइडर्स को हराने वाली लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम का नेट रन रेट 0.284 रहा. इसकी वजह से वो अब तीसरे पायदान पर है.

इमेज स्रोत, ANI
प्लेऑफ़ की चौथी टीम कौन होगी?
यानी अब प्लेऑफ़ का पहला क्वालिफ़ायर टॉप दो टीमों यानी गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच 23 मई को होगा, जो चेन्नई सुपर किंग्स के होम ग्राउंड चेपॉक स्टेडियम में खेला जाएगा.
वहीं दूसरे मैच यानी पहले एलिमिनेटर मुक़ाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स के सामने कौन सी टीम होगी इस पर असमंजस अब भी बना हुआ है.
तो चलिए देखते हैं कि आईपीएल के इस सीज़न में प्लेऑफ़ की वो चौथी टीम कौन सी हो सकती है जिसका सामना लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ पहले एलिमिनेटर में होगा.

इमेज स्रोत, ANI
पहले एलिमिनेटर के तीन दावेदार
इसके लिए एक बार फिर पॉइंट टेबल की ओर नज़रें दौड़ाएं, तो फिलहाल 14 अंकों के साथ वहां तीन टीमें मौजूद हैं, लेकिन नेट रन रेट के आधार पर चौथे पायदान पर रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, पांचवें पर राजस्थान रॉयल्स तो छठे पर मुंबई इंडियंस की टीम है.
अगर आज के मैच में मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर दोनों टीमें हार जाती हैं तभी राजस्थान रॉयल्स के प्लेऑफ़ में पहुंचने की संभावना बनेगी. इनमें से कोई एक टीम जीती तो वो पहला एलिमिनेटर खेलेगी.
वहीं अगर दोनों टीमें यानी मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीमें आज का मैच जीत जाती हैं तो सबसे पहले राजस्थान रॉयल्स की टीम प्लेऑफ़ से बाहर हो जाएगी.
फिर मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर में से जिसके भी अच्छे नेट रन रेट होंगे वो पहला एलिमिनेटर खेलेगी.
रोहित शर्मा और विराट कोहली की टीमों के जीतने की स्थिति में दोनों के एक समान 16 अंक हो जाएंगे लेकिन यहां रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर झुका दिखता है क्योंकि उसका नेट रन रेट पहले ही +0.180 है.
वहीं मुंबई इंडियंस का नेट रन रेट -0.128 है. तो दोनों टीमों में से मुंबई इंडियंस को एलिमिनेटर में पहुंचने के लिए न केवल यह मैच सनराइज़र्स हैदराबाद से जीतना होगा बल्कि यह जीत बड़े अंतर से होनी चाहिए.

इमेज स्रोत, ANI
चेन्नई सुपर किंग्स vs दिल्ली कैपिटल्स
अब चलिए बताते हैं कि शनिवार को आईपीएल में क्या हुआ?
शनिवार को पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स ने दिल्ली कैपिटल्स को 77 रनों से हराया और प्लेऑफ़ में पहुंचने वाली दूसरी टीम बनी.
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स रिकॉर्ड 12वीं बार आईपीएल के प्लेऑफ़ में पहुंची है.
डेवन कॉनवे (87 रन) और ऋतुराज गायकवाड़ (79 रन) की शतकीय साझेदारी की बदौलत धोनी की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 223 रन बनाए. जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम 20 ओवरों में 9 विकेट पर 146 रन ही बना सकी.
चेन्नई की ओर से डेवन कॉनवे और ऋतुराज गायकवाड़ दोनों ने आईपीएल में दूसरी बार एक ही पारी में 75+ का व्यक्तिगत स्कोर बनाया. आईपीएल के इतिहास में ऐसा करने वाली ये अकेली जोड़ी है.
इन दोनों सलामी बल्लेबाज़ों ने चौथी बार शतकीय साझेदारी निभाई और डुप्लेसी-कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की.
वहीं चेन्नई सुपर किंग्स ने 8वीं बार 220+ का स्कोर खड़ा किया और पंजाब किंग्स के सात बार के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा.
आईपीएल में 220+ का स्कोर बैंगलोर ने पांच, राजस्थान ने चार, कोलकाता ने तीन वहीं दिल्ली, मुंबई और हैदराबाद ने दो, जबकि गुजरात और लखनऊ ने केवल एक बार बनाए हैं.
पढ़ें मैच रिपोर्टःआईपीएलः रिंकू सिंह ने फिर खेली तूफ़ानी पारी, पर लखनऊ सुपर जायंट्स 1 रन से जीत कर प्लेऑफ़ में पहुंचे

इमेज स्रोत, ANI
लखनऊ सुपर जायंट्स vs कोलकाता नाइट राइडर्स
शनिवार को खेला गया दूसरा मैच बहुत रोमांचक रहा जिसे लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम केवल 1 रन से जीती और प्लेऑफ़ में पहुंचने वाली तीसरी टीम बनी.
लखनऊ सुपर जायंट्स ने 176 रन बनाए. जवाब में कोलकाता नाइट राइडर्स 175 रन बना सकी और केवल एक रन से मैच हार गई.
मैच भले ही लखनऊ सुपर जायंट्स ने जीता लेकिन बल्ले की दहाड़ से दिल रिंकू सिंह ने जीत लिया.
रिंकू सिंह ने 33 गेंदों पर 203.03 के स्ट्राइक रेट से नाबाद 67 रन के साथ एक बार फिर यादगार पारी खेली.
ये रिंकू सिंह के आईपीएल करियर का सबसे बड़ा स्कोर भी है.
जब रिंकू पिच पर आए तो स्कोर 10 ओवर में तीन विकेट पर 82 रन था. कोलकाता नाइट राइडर्स ने अंत तक 175 रन बनाए. यानी रिंकू के पिच पर आने के बाद 93 रन बने. इनमें से रिंकू के बल्ले से 67 रन निकले तो टीम के अन्य बल्लेबाज़ों ने केवल 26 रन ही जुटाए.

इमेज स्रोत, ANI

रिंकू सिंह बने 'बेस्ट फिनिशर'
● रिंकू सिंह ने इस आख़िरी मैच के अंतिम दो ओवरों में ज़ोरदार बल्लेबाज़ी की और 36 रन जुटाए.
● इसी आईपीएल सीज़न में गुजरात टाइटंस के ख़िलाफ़ अंतिम दो ओवरों में 41 रन जुटाए थे.
● आईपीएल के इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम दो ओवरों में ये किसी भी बल्लेबाज़ के सबसे बड़े दो स्कोर का रिकॉर्ड है.
● महेंद्र सिंह धोनी (2019) और निकोलस पूरन (2022) के 33 रन के रिकॉर्ड को इस सीज़न में दो बार पीछे छोड़ा है.
● इस आईपीएल के 14 मैचों में चार अर्धशतकों की बदौलत 474 रन बनाए हैं. वे छह बार नॉट आउट भी रहे हैं.
● बल्लेबाज़ी औसत 59.25 है और वो इस आईपीएल में बल्लेबाज़ी औसत के मामले में फिलहाल टॉप पर हैं.
● रिंकू के बल्ले से 30 चौके और 29 छक्के लगे हैं. उनसे अधिक छक्के फाफ डुप्लेसी (36), शिवम दुबे (33) और ग्लेन मैक्सवेल (30) ने ही लगाए हैं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)
























