रजत पाटीदार: लखनऊ के ख़िलाफ़ जीत दिलाने वाले खिलाड़ी की 10 बातें

इमेज स्रोत, Twitter
आईपीएल के एलिमिनेटर राउंड में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 14 रनों से हरा दिया है. इसके साथ ही लखनऊ टूर्नामेंट से बाहर हो गयी है और बैंगलोर फ़ाइनल के एक क़दम और नज़दीक.
लेकिन बुधवार के मैच के बाद बैंगलोर की जीत की उतनी चर्चा नहीं है जितनी की टीम के एक खिलाड़ी रजत पाटीदार की.
ये चर्चा होना जायज़ भी है क्योंकि आरसीबी की जीत रजत के शतक के बिना संभव नहीं थी.

इमेज स्रोत, rrjjtt_01
आईपीएल के एलिमिनेटर मुक़ाबले में पाटीदार ने 54 गेंदों पर 12 चौके, 7 छक्कों की मदद से नाबाद 112 रन बनाए और अकेले दम पर मैच बैंगलोर की झोली में डाल दिया. ये वो ही खिलाड़ी है जिसे बैंगलोर तो क्या आईपीएल की किसी भी टीम ने नहीं ख़रीदा था.
फिर सवाल ये है कि पाटीदार को आईपीएल 2022 में अपना दम दिखाने का मौक़ा भी लक-बाय-चांस ही मिला.
दरअसल, बैंगलोर की टीम के खिलाड़ी लवनीत सिसोदिया चोटिल हुए तो बैंगलोर ने पिछले सीजन में उनके साथ रहे पाटीदार को टीम में जगह दे दी.
इस साल हो रहे आईपीएल टूर्नामेंट में यह उनका अभी तक का सबसे शानदार प्रदर्शन है. लीग मैचों में राजस्थान रॉयल्स के ख़िलाफ़ उन्होंने 16 रन, गुजरात टाइटन्स के ख़िलाफ़ 52 रन, चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ 21 रन, सनराइज़र्स हैदराबाद के ख़िलाफ़ 48 रन और पंजाब किंग्स के ख़िलाफ़ 26 रन की पारी खेली थी.
लेकिन इस मैच में 112 रनों की पारी के बाद से रजत पाटीदार सोशल मीडिया पर ट्रेंड कर रहे हैं और बड़े-बड़े दिग्गजों ने उनकी तारीफ़ में ट्वीट किया है. वीरेंद्र सहवाग, इरफ़ान पठान, अमित मिश्रा, हर्ष भोगले, आकाश चोपड़ा ने रजत के खेल की तारीफ़ की है.

इमेज स्रोत, rrjjtt_01
एक रात पहले तक अनसोल्ड, अनकैप्ड रहे इस खिलाड़ी के बारे में 10 अहम बातें-
- रजत पाटिदार का जन्म मध्य प्रदेश के इंदौर में 1 जून 1993 को हुआ. उनका पूरा नाम रजत मनोहर पाटीदार है. वह मध्य प्रदेश के एक व्यवसायी परिवार से आते हैं.
- रजत ने महज़ आठ साल की उम्र में क्रिकेट क्लब ज्वाइन किया था और बाद में अपने दादाजी के प्रोत्साहन से क्रिकेट एकेडमी ज्वाइन कर ली.
- वह दाएं हाथ के बल्लेबाज़ हैं. हालांकि अगर गेंदबाज़ी का मौक़ा मिले तो वह राइट-आर्म-ऑफ़ब्रेक गेंद डाल सकते हैं.
- 1 जून को 29 साल के होने जा रहे रजत ने 2015-16 में रणजी ट्रॉफ़ी से अपने फ़र्स्ट क्लास क्रिकेट करियर की शुरुआत की थी.
- मध्य प्रदेश के लिए पहला ज़ोनल टी-20 लीग मैच आठ जनवरी 2018 को खेला.
- रजत 31 टी-20 मैचों में 861 रन बना चुके हैं, जिनमें सात हाफ़-सेंचुरी भी शामिल हैं. 31 टी-20 मैचों में उनका सर्वाधिक स्कोर 96 रहा है.
- साल 2018-19 की रणजी ट्रॉफ़ी में उन्होंने मध्य प्रदेश के लिए महज़ आठ मैचों में 713 रन बनाए थे.
- पिछले आईपीएल में पाटीदार ने चार मैच खेले थे. जिसमें उन्होंने 31 रन के सर्वाधिक स्कोर के साथ कुल 71 रन बनाए थे.
- यह इस सीज़न का सबसे तेज़ शतक है. रजत ने केवल 49 गेंदों पर यह शतक बनाकर केएल राहुल के 56 गेंदों पर बनाए शतक के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. राहुल ने लीग मैच में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ 16 अप्रैल को ये शतक बनाया था. यह पहली बार है जब किसी अनकैप्ड क्रिकेटर (जिसने अपने देश की टीम से अभी क्रिकेट न खेली हो) ने आईपीएल के प्लेऑफ़ में शतक बनाया है.
- पाटीदार केवल चौथे ऐसे अनकैप्ड क्रिकेटर हैं जिन्होंने आईपीएल में शतक बनाया है.
ये भी पढ़ें
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



















