मुंबई इंडियंस की लगातार पाँचवीं हार, आख़िर कौन ज़िम्मेदार?

पोलार्ड

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

प्रकाशित

इंडियन प्रीमियर लीग में सबसे ज़्यादा पाँच बार चैंपियनशिप जीतने वाली मुंबई इंडियंस के लिए कोई भी सीज़न इतना बुरा साबित नहीं हुआ है, जितना कि मौजूदा सीज़न.

इस सीज़न में टीम लगातार पाँच मैच हार चुकी है और यहाँ से अब उसे कोई चमत्कार ही प्ले ऑफ़ तक पहुँचा सकता है.

पंजाब किंग्स के सामने करो या मरो के मुक़ाबले में ख़राब शुरुआत के बाद मुंबई इंडियंस जीत की ओर बढ़ती दिख रही थी. लेकिन अहम मौक़ों पर दो खिलाड़ियों के रन आउट होने से मैच का रुख़ बदल गया.

इन दोनों रन आउट के केंद्र में मुंबई इंडियंस के बल्लेबाज़ सूर्य कुमार यादव हैं. उनकी आलोचना इसलिए भी हो रही है कि दो-दो रन आउट के बाद भी वे अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके.

पहले इन दोनों रन आउट की बात करते हैं. मुंबई की पारी में पहला रन आउट 13वें ओवर में तब आया जब मुंबई इंडियंस का स्कोर तीन विकेट पर 131 रन था. यहाँ से मुंबई इंडियंस को जीत के लिए 44 गेंद पर 68 रन बनाने थे.

ठीक एक गेंद पहले सूर्य कुमार ने अर्शदीप की गेंद पर छक्का लगाकर अपने फॉर्म में होने का संकेत दे चुके थे जबकि दूसरी छोर पर युवा बल्लेबाज़ तिलक वर्मा संकट से मुंबई इंडियंस को निकालने वाली पारी के साथ खेल रहे थे. तिलक 20 गेंदों पर 36 रन बनाकर खेल रहे थे.

छक्का लगाने के बाद अगली गेंद को सूर्य कुमार यादव ने मिडविकेट की ओर खेला. जहाँ से एक रन आ सकता था, लेकिन सूर्य कुमार शॉट्स खेलने के बाद गेंद को देखते रहे जबकि दूसरी ओर तिलक वर्मा आधी क्रीज़ को क्रॉस कर चुके थे. तिलक ने वापस लौटने की कोशिश ज़रूर की लेकिन मयंक अग्रवाल के थ्रो पर अर्शदीप के गिल्ली बिखरने तक वे क्रीज़ में नहीं लौट सके.

इस रन आउट के बाद भी मुंबई इंडियंस के लिए उम्मीदें बची हुई थीं क्योंकि ऑलराउंडर कीरोन पोलार्ड मैदान में उतरे थे. दोनों ने मिलकर मुंबई इंडियंस का स्कोर 16 ओवर में चार विकेट पर 150 रन तक पहुँचा चुके थे. यानी जीत के लिए 24 गेंदों पर 49 रन की चुनौती सामने थी.

पोलॉर्ड का रन आउट

इन दोनों के लय में होने के चलते ये चुनौती मुश्किल नहीं दिख रही थी. लेकिन दोनों बल्लेबाज़ के बीच फिर गफलत हुई. कीरोन पोलार्ड ने गेंद लॉन्ग ऑन पर गेंद को धकेलने के बाद बहुत धीमे अंदाज़ में एक रन पूरा किया.

ओडियन स्मिथ से गेंद मिसफ़ील्ड हुई और सूर्य कुमार दूसरा रन के लिए भागे, पोलार्ड के क्रीज़ पर पहुँचने से पहले ओडियन स्मिथ के सटीक थ्रो ने उनका काम तमाम कर दिया था.

सूर्य कुमार यादव

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

अगर एक रन लेकर ही दोनों बल्लेबाज़ संतोष कर लेते तो यह रन आउट नहीं होता. ये दोनों रन आउट इतने महंगे साबित हुए कि मुंबई की टीम मैच हार गई. मैच के बाद रोहित शर्मा ने भी कहा कि, 'बेहद अहम मौक़े पर जो रन आउट हुए उसकी ज़रूरत नहीं थी, लेकिन खेल में ऐसा होता है.'

पोलार्ड के रन आउट होने से दोनों खिलाड़ी बेहद निराश दिखे. पविलियन लौटने से पहले पोलार्ड घुटने के बल पर बैठे सूर्यकुमार को कुछ कहते नज़र आए. शायद उन्होंने कहा हो कि हिम्मत नहीं हारना है, लेकिन पोलार्ड के बाद मुंबई के पुछल्ले बल्लेबाज़ बाक़ी थे.

मुंबई के कप्तान रोहित शर्मा ने इस अहम मुक़ाबले में एक बल्लेबाज़ को कम करके गेंदबाज़ को खिलाया था. ऐसे में अब सूर्य कुमार के कंधों पर ही टीम को जीत दिलाने का दारोमदार था. पोलॉर्ड के रन आउट होने के बाद अगली चार गेंदों पर सूर्यकुमार ने दो छक्के जड़ कर अपने इरादे भी जाहिर कर दिए थे.

आख़िरी ओवर में तीन विकेट गिरे

आख़िरी दो ओवर में मुंबई इंडियंस को 28 रन बनाने थे. दुनिया के शीर्ष तेज़ गेंदबाज़ किगासो रबाडा की पहली गेंद पर चौका लगा कर सूर्य कुमार ने मुक़ाबले का रोमांच कायम रखा. अगली गेंद पर दो रन. तीसरी गेंद को लॉन्ग ऑन पर खेल कर सूर्य कुमार रन के लिए भागे ज़रूर लेकिन दूसरे छोर पर खड़े जयदेव उनादकट ने उन्हें वापस भेज दिया.

तीसरी गेंद पर रन नहीं आने के दबाव के सामने रबाडा की एक धीमी फुलटॉस गेंद को उछाल कर मारने की कोशिश में सूर्य कुमार ने लॉन्ग ऑन पर ओडियन स्मिथ को कैच थमा दिया. 30 गेंदों पर चार छक्के और एक चौके की मदद से 43 रन टीम के किसी काम नहीं आए.

यहां से मुंबई इंडियंस की रही सही उम्मीद भी ख़त्म हो गई और ओडियन स्मिथ ने आख़िरी ओवर में तीन विकेट लेकर मुंबई की हार सुनिश्चित कर दी.

ब्रेविस

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

वैसे मुंबई इंडियंस की हार की एक वजह बैटिंग ऑर्डर में बदलाव को भी माना जा रहा है. इस मुक़ाबले में रोहित शर्मा ने डेवेल्ड ब्रेविस और तिलक वर्मा को सूर्य कुमार यादव और कीरोन पोलार्ड पर तरजीह दी. इस बारे में रोहित शर्मा ने मैच के बाद कहा कि चूंकि हम लगातार हार रहे थे, लिहाजा हमने प्रयोगों को आजमाया, हालांकि उसमें भी कामयाबी नहीं मिली.

ब्रेविस का धमाल

वैसे 19 साल के डेवल्ड ब्रेविस ने मिले मौक़े का पूरा फ़ायदा उठाया. शुरुआती आठ गेंदों पर उनसे कोई रन नहीं बना था लेकिन अगले 17 गेंदों पर उन्होंने ज़ोरदार 49 रन ठोककर मुंबई इंडियंस को मुक़ाबले में ला दिया था.

ब्रेविस ने अपनी पारी में पाँच छक्के लगाए थे, जिसमें चार लगातार छक्के उन्होंने राहुल चाहर के एक ही ओवर में जड़ दिए थे.

बेबी एबी डिविलियर्स के निक नेम से जाने वाले इस युवा खिलाड़ी को आने वाले दिनों का सुपर स्टार माना जा रहा है. हालाँकि वे आईपीएल में अपना पहला अर्धशतक पूरा नहीं कर पाए. 49 रन के स्कोर पर ओडिएन स्मिथ की गेंद को पुल करने की कोशिश में वे मिडविकेट पर लपके गए.

शिखर धवन

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

वैसे पंजाब किंग्स ये मुक़ाबला जीती तो कप्तान मयंक अग्रवाल और शिखर धवन की ज़ोरदार बल्लेबाज़ी की बदौलत. दोनों ने शुरुआती ओवरों से प्रति ओवर दस रन बनाने का सिलसिला जारी रखा.

मयंक अग्रवाल ने 30 गेंदों पर 52 रन बनाए जबकि शिखर धवन ने 50 गेंद पर 70 रन की पारी खेली. इन दोनों पर मुंबई का कोई गेंदबाज़ अंकुश नहीं लगा सका.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आपयहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)