टी20 वर्ल्ड कपः INDvsSCO- कोहली को आज ये विराट गिफ़्ट चाहिए

इमेज स्रोत, ANI
- Author, अभिजीत श्रीवास्तव
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता
- प्रकाशित
- पढ़ने का समय: 6 मिनट
पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड से करारी हार, फिर अफ़ग़ानिस्तान पर बड़ी जीत, नेट रन रेट माइनस से प्लस में पहुंचा, संभावनाओं पर टिकी सेमीफ़ाइनल की उम्मीदें, अब मुक़ाबला स्कॉटलैंड से और बर्थडे कोहली का. तो क्या कोहली को बर्थडे गिफ़्ट देगी टीम इंडिया?
सेमीफ़ाइनल में पहुंचने की उम्मीदें बनाए रखने की जद्दोजहद के साथ स्कॉटलैंड के ख़िलाफ़ मैच भारतीय टीम को अपने उसी प्रदर्शन को दोहराना होगा जो उसने अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ दिखाया. या कहें तो उससे भी बेहतर.
अच्छी बात ये है कि अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ धमाकेदार प्रदर्शन से टीम इंडिया का नेट रन रेट माइनस से प्लस में आ गया है.
तो आज के मैच में सवाल सिर्फ़ एक ही है. वो ये कि टीम इंडिया अपना नेट रन रेट और कितना सुधार सकती है.
टीम इंडिया इस बात को लेकर थोड़ी निश्चित हो सकती है कि ये वही स्कॉटलैंड की टीम है जिसके ख़िलाफ़ अफ़ग़ानिस्तान ने इस टूर्नामेंट में 130 रनों से जीत हासिल की है.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
आसान टीम समझने की भूल न करें
लेकिन उसे यह भी नहीं भूलना चाहिए कि 10 दिन बाद जब न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ ये टीम उतरी तो उसकी रंगत बदली हुई थी.
ऑलराउंडर माइकल लीस ने अंतिम ओवरों में शानदार बल्लेबाज़ी की. तीन चौथाई ओवरों के ख़त्म होने पर क्रीज पर आए लीस ने महज 20 गेंदों पर नाबाद 42 रन बनाए. वो जिस तरह से बैटिंग कर रहे थे एक वक़्त ये लग रहा था कि मैच कहीं न्यूज़ीलैंड की पकड़ से न निकल जाए.
जब उसी मैच में स्कॉटलैंड की टीम फील्डिंग कर रही थी तो विकेटकीपर मैथ्यू क्रॉस ने गेंदबाज़ क्रिस ग्रीव्स से यह कहते सुने गए थे कि पूरा भारत उनका समर्थन कर रहा है.
हां भारत समर्थन कर रहा था स्कॉटलैंड का कि वो जीत जाएं और यही कीवी टीम के आने वाले दोनों मैचों में भी होगा.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2
स्कॉटलैंड ने सुपर-12 में पहुंचने के लिए रैंकिंग में अपने से कहीं ऊपर बांग्लादेश जैसी टीम को हराया था. हालांकि सुपर-12 वो एक भी मैच अब तक नहीं जीत सकी है लेकिन न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ उनके प्रदर्शन को देखते हुए टीम इंडिया को बहुत सचेत रहने की ज़रूरत भी है.
स्कॉटिश कप्तान काइल कोयेत्ज़र कह भी चुके हैं कि, "भारत के ख़िलाफ़ मैच दुनिया के चुनिंदा सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के ख़िलाफ़ ख़ुद को टेस्ट करने की कोशिश है. हम कैसा खेलते हैं, क्या करते हैं और हम किस चीज़ में सक्षम है, यह स्कॉटलैंड क्रिकेट के आगे के सफ़र को देखते हुए बहुत महत्वपूर्ण है."
इसे देखते हुए यह कहना मुश्किल नहीं है कि भारत के ख़िलाफ़ वो निश्चित ही न्यूज़ीलैंड मैच के जैसा प्रदर्शन दोहराने की कोशिश करेंगे.

इमेज स्रोत, ANI
नेट रन रेट
इस वर्ल्ड कप के शुरुआत से पहले ट्रॉफ़ी की प्रबल दावेदार टीम इंडिया सिर्फ़ दो मैचों के बाद ही टूर्नामेंट से बाहर होने के ठीक मुहाने पर खड़ी है.
अब यहां से चाहे वो कितना भी धमाकेदार प्रदर्शन कर ले, वो सेमीफ़ाइनल तक का सफ़र तय कर सकेगी या नहीं ये सिर्फ़ और सिर्फ़ दूसरी टीमों के उलटफेर भरे प्रदर्शनों पर ही टिका है.
उम्मीद ये कि न्यूज़ीलैंड या तो आज नामीबिया से हार जाए या रविवार को अफ़ग़ानिस्तान उसे हरा दे. क्योंकि न्यूज़ीलैंड अगर ये दोनों मैच जीत गया तो सेमीफ़ाइनल में कीवी टीम पहुंचेगी न कि टीम इंडिया.
अगर अफ़ग़ानिस्तान न्यूज़ीलैंड से जीत गया और नामीबिया पर न्यूज़ीलैंड भारी पड़ा और भारत अपने दोनों मुक़ाबले जीत जाता है तो फिर इन तीनों टीमों के एक बराबर छह अंक होंगे और सेमीफ़ाइनल में जाने वाली टीम का फ़ैसला नेट रन रेट के आधार पर किया जाएगा.
नेट रन रेट के मामले में फिलहाल अफ़ग़ानिस्तान दूसरे (+1.481), न्यूज़ीलैंड तीसरे (+0.816) और भारत तीसरे (+0.073) स्थान पर है.
इसका मतलब ये हुआ कि टीम इंडिया को बचे हुए दोनों मैच न केवल जीतने हैं बल्कि उस बड़े अंतर से जीतने हैं जिससे नेट रन रेट अफ़ग़ानिस्तान और न्यूजीलैंड से कहीं बेहतर हो जाए.

इमेज स्रोत, ANI
बैटिंग लाइनअप में बदलाव का फायदा
वैसे अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ मैच में प्रदर्शन में जो सुधार देखा गया है उसे देखते हुए यह उतना मुश्किल भी नहीं है.
न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ एक विकेट गिरने के बाद बल्लेबाज़ी के लिए भेजे गए रोहित शर्मा को अफ़ग़ानिस्तान से मैच में फिर ओपनिंग के लिए उतारा गया. केएल राहुल के साथ उन्होंने अपने नाम (हिट मैन) के अनुरूप ताबड़तोड़ रन बनाए.
दो लगातार फ्लॉप शो के बाद केएल राहुल के बल्ले से भी रन निकले और विराट से पहले उतारे गए रिषभ पंत और हार्दिक पंड्या भी अपनी हाथ आजमाइश में सफल रहे.
विराट ने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ रन बनाए थे. लेकिन सूर्यकुमार यादव के बल्ले से अभी तक उस तरह से रन नहीं निकले हैं जैसी उन्होंने आईपीएल में अपनी पहचान बनाई है.
अश्विन को अंतिम एकादश में शामिल करने से पुछल्ले बल्लेबाज़ों के आने से पहले उनकी और रवींद्र जडेजा की मौजूदगी से निचला क्रम भी तेज़ी से रन बटोरने के मामले में संतुलित दिखता है.
तो बल्लेबाज़ी अगर पहले करनी हो तो एक बार फिर 200 से अधिक का स्कोर बना कर बड़े अंतर से मैच जीतना पड़ेगा.

इमेज स्रोत, ANI
बॉलिंग में अश्विन स्टार
पहले दो मैचों में बल्लेबाज़ों ने तो बड़ा स्कोर नहीं खड़ा किया लेकिन गेंदबाज़ी ने और भी निराश किया था. जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी की अगुवाई में कोई भी गेंदबाज़ पाकिस्तान के ख़िलाफ़ एक विकेट तक नहीं ले सका तो न्यूज़ीलैंड के ख़िलाफ़ भी केवल दो ही विकेट ले सके.
वहीं अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ गेंदबाज़ों ने थोड़ा बढ़िया प्रदर्शन किया था. 4 ओवर में 14 रन और दो विकेट के साथ रविचंद्रन अश्विन ने बेहतरीन गेंदबाज़ी की थी.
लेकिन मोहम्मद शमी तीन विकेट लेने में किफायती नहीं दिखे. उन्होंने चार ओवरों में 32 रन खर्चे. बुमराह और जडेजा ने एक एक विकेट लिए और लगभग एकसमान औसत से रन खर्चे. वहीं शार्दुल ठाकुर और हार्दिक पंड्या ने कुल पांच ओवरों में लगभग 11 की इकोनॉमी से 54 रन दे डाले.
हालांकि अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ स्कॉटलैंड को स्पिन खेलने में परेशानी हुई थी तो भारतीय टीम अश्विन, जडेजा और वरुण चक्रवर्ती तीनों को अंतिम एकादश में रख सकती है ताकि ये तीनों 60 फ़ीसद गेंदबाज़ी करें और रन गति को थाम कर रखने के साथ साथ विकेटें भी चटकाएं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 3
जन्मदिन पर विराट गिफ़्ट की दरकार
अपने प्रयासों के बीच टीम इंडिया को स्कॉटलैंड की टीम से इन फॉर्म उस जॉस डेवी के बाहर होने का फायदा भी मिलेगा जिसने पापुआ न्यू गिनी के ख़िलाफ़ चार विकेट समेत इस टूर्नामेंट में कुल 9 विकेट लिए हैं.
आज कप्तान विराट कोहली का जन्मदिन भी है तो टीम के साथी खिलाड़ियों की ओर से उनके लिए एक बड़ी जीत से बढ़िया तोहफा क्या होगा और ठीक यही रिटर्न गिफ़्ट तो फिलहाल टीम इंडिया के चाहने वालों को भी चाहिए.
वैसे तो बर्थडे बॉय से कुछ करने को नहीं कहते लेकिन आज विराट को इतना तो करना ही पड़ेगा कि वो अंतिम ओवरों तक स्कॉटलैंड पर दबाव बना कर रखें, ताकि अफ़ग़ानिस्तान ने जिस तरह अंतिम ओवरों में रन बटोरे थे उसे रोका जा सके. इससे नेट रन रेट को ही फायदा पहुंचेगा.

इमेज स्रोत, ANI
ग्रुप-1 में सेमीफ़ाइनल की टीमों पर फ़ैसला कल
चलते चलते ये भी बता दें कि उधर ग्रुप-1 में भी सेमीफ़ाइनल की रेस जारी है.
गुरुवार को ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश पर बड़ी जीत हासिल कर दक्षिण अफ़्रीका को तीसरे स्थान पर धकेलते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया.
इस ग्रुप से सेमीफ़ाइनल में कौन जाएगा इसका फ़ैसला भी कल हो जाएगा जब ऑस्ट्रेलिया vs वेस्टइंडीज और इंग्लैंड vs दक्षिण अफ़्रीका मैच खेले जाएंगे.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















