तीसरे टी-20 मुक़ाबले में इंग्लैंड ने भारत को आठ विकेट से हराया

इमेज स्रोत, Surjeet Yadav/Getty Images
अहमदाबाद में खेले गए तीसरे टी-20 मुक़ाबले में इंग्लैंड ने भारत को आठ विकेट से हरा दिया है. भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 157 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे मेहमान टीम ने 10 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया. इंग्लैंड ने टॉस जीतकर भारत को पहले बल्लेबाज़ी का न्यौता दिया था.
इंग्लैंड के लिए सबसे अधिक 83 रन जोस बटलर ने बनाए और वो नाबाद रहे. जॉनी बेयरेस्टो भी 40 रन बनाकर नाबाद रहे. जेसन रॉय ने 9 और डेविड मलन ने 18 रनों का योगदान दिया.
भारतीय गेंदबाज़ों में युजवेंद्र चहल और वॉशिंगटन सुंदर एक-एक विकेट लेने में कामयाब रहे.
इससे पहले, भारत की ओर से कप्तान विराट कोहली ने 46 गेंदों में 8 चौके और 4 छक्के लगाकर सर्वाधिक 77 रन बनाए.

इमेज स्रोत, Surjeet Yadav/Getty Images
उनके अलावा ऋषभ पंत ने 25, हार्दिक पांड्या ने 17, रोहित शर्मा ने 15, श्रेयस अय्यर ने 9, ईशान किशन ने 4 रन बनाए जबकि केएल राहुल खाता नहीं खोल सके.
इस तरह भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 6 विकेट खोकर 156 रन का स्कोर खड़ा किया.
इंग्लैंड की ओर से सबसे कामयाब गेंदबाज़ मार्क वुड रहे जिन्होंने तीन विकेट चटकाए. क्रिस जॉर्डन ने दो विकेट लिए. ऋषभ पंत रन आउट हुए.
इस जीत के साथ ही पांच मैचों की सिरीज़ में इंग्लैंड अब 2-1 से आगे हो गया है. पहला मैच इंग्लैंड ने आठ विकेट से जीता था जबकि दूसरे मैच में भारत ने सात विकेट से बाज़ी मारकर सिरीज़ बराबर कर ली थी.
भारत ने अपनी टीम में इस मुक़ाबले के लिए एक परिवर्तन किया था. सूर्यकुमार यादव की जगह रोहित शर्मा को टीम में शामिल किया गया. वहीं इंग्लैंड ने टॉम करन की जगह मार्क वुड को टीम में लिया.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)






















