IPL 2020: चेन्नई सुपर किंग्स पर मुंबई इंडियंस की शानदार जीत

ईशान किशन और क्विंडन डिकॉक

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

प्रकाशित

शारजाह में शुक्रवार को खेले गए आईपीएल के रोमांचक मुक़ाबले में मुंबई इंडियंस ने चेन्नई सुपर किंग्स को 10 विकेट से हरा दिया है. 115 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस ने बिना कोई विकेट खोए 12.2 ओवर में 116 रन बनाकर मुक़ाबला अपने नाम कर लिया. ईशान किशन 68 और क्विंडन डिकॉक 46 रन बनाकर नाबाद रहे.

सलामी बल्लेबाज़ के तौर पर क्विंटन डिकॉक और ईशान किशन ने सधी हुई शुरुआत की. ईशान किशन ने धमाकेदार बल्लेबाज़ी का प्रदर्शन करते हुए चार छक्के और छह चौकों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया.

10 ओवर में क्विंटन डिकॉक और ईशान किशन की जोड़ी ने टीम का स्कोर 98 रन पहुंचाया. तब तक चेन्नई सुपर किंग्स के गेंदबाज़ विकेट के लिए तरसते रह गए और आख़िर तक भी उन्हें कोई सफलता नहीं मिली.

क्विंटन डिकॉक तेज़ी से अपने अर्धशतक की ओर बढ़ रहे थे. लेकिन इससे पहले कि वो अपना अर्धशतक पूरा कर पाते, मुंबई इंडियंस ने जीत का लक्ष्य हासिल कर लिया.

महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपरकिंग्स अंक तालिका में छह अंकों के साथ सबसे नीचे है. वहीं इस जीत के साथ ही मुंबई इंडियंस अंक तालिका में 14 अंकों के साथ अब शीर्ष पर आ गई है.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए उसके सभी गेंदबाज़ बड़े महंगे साबित हुए. दीपक चाहर ने चार ओवर में 34 रन, जोश हेज़लवुड ने दो ओवर में 17 रन, इमरान ताहिर ने तीन ओवर में 22 रन लुटाए. इसी तरह शार्दुल ठाकुर ने 2.2 ओवर में 26 जबकि जडेजा ने एक ओवर में 15 रन दिए.

पहली पारी

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स की टीम निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट के नुकसान पर 114 रन ही बना सकी. सैम कुरैन ने सबसे अधिक 52 रनों का योगदान दिया.

टॉस जीता था मुंबई इंडियंस के कप्तान केरोन पोलार्ड ने और पहले गेंदबाज़ी करने का फ़ैसला किया. रोहित शर्मा चोटिल होने की वजह से इस मैच से बाहर थे.

पहले बल्लेबाज़ी की दावत मिली चेन्नई को, जिस पर कप्तान एमएस धोनी का कहना था कि वो भी पहले गेंदबाज़ी ही करना चाहते थे, लेकिन टॉस हारने की वजह से उन्हें पहले बल्लेबाज़ी करना पड़ी.

चेन्नई के लिए पारी की शुरुआत की ऋतुराज गायकवाड़ और फॉफ-डू-प्लेसिस ने. लेकिन पहले ही ओवर में ट्रेंट बोल्ट ने ऋतुराज गायकवाड़ को एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया, जिन्होंने पांच गेंदों का सामना तो किया लेकिन एक भी रन नहीं बना सके.

अगले बल्लेबाज़ आए अंबाती रायडू, लेकिन तू-चल मैं आया की तर्ज़ पर अगले ही ओवर में जसप्रीत बुमराह की गेंद पर क्विंटन डि कॉक को कैच दे बैठे.

विकेटों का पतझड़

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

पतझड़ में सूखे पत्ते जिस तरह गिरते हैं, चेन्नई के शुरुआती विकेट उसी तरह गिरे.

अंबाती रायडू के बाद अगली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने नारायण जगदीसन को निशाना बनाया जिन्होंने सूर्यकुमार यादव के हाथों में अपना कैच थमा दिया. इस तरह लगातार दो गेदों में जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिले.

बुमराह को उम्मीद थी हैट्रिक की लेकिन तीसरी गेंद पर तीसरा विकेट तो नहीं मिला. लेकिन शुरुआती ओवरों में उन्होंने चेन्नई को बड़ा झटका ज़रूर दे दिया. दो ओवर में तीन रन पर तीन विकेट गिर चुके थे.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

अगले बल्लेबाज़ आए कप्तान एमएस धोनी. लेकिन धोनी पिच पर पांव जमाते, उससे पहले दूसरे छोर पर फॉफ-डू-प्लेसिस ने ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर क्विंटन डि-कॉक को अपना कैच थमा दिया.

तीन ओवर से पहले धोनी की टीम के चार खिलाड़ी आउट हो चुके थे. इसके बाद धोनी का साथ देने आए रविंद्र जडेजा. दोनों की साझेदारी बनने से पहले ही टूट गई. ट्रेंट बोल्ट की गेंद पर जडेजा का कैच कृणाल पांड्या ने लपक लिया.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

धोनी का साथ देने आए सैम कुरैन, लेकिन धोनी ही उनका साथ छोड़कर चले गए. राहुल चाहर की गेंद पर धोनी ने क्विंटन-डिकॉक को अपना कैच दे दिया.

अब पिच पर थे सैम कुरैन और दीपक चाहर, आठ ओवर में छह विकेट के नुकसान पर चेन्नई सुपर किंग्स 32 रन ही बना सकी.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

चेन्नई के सामने इस समय रन बनाने से अधिक अपने विकेट बचाने की चुनौती थी. लेकिन दीपक चाहर बिना खाता खोले पवैलियन लौट गए.

नौ ओवर में सात विकेट गिर चुके थे और स्कोर पहुंचा 44 रनों पर. अगले बल्लेबाज़ आए शार्दुल ठाकुर. दोनों के कंधों पर बड़ी ज़िम्मेदारी थी. खेलने के लिए सामने थे पूरे 10 ओवर.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

दोनों ने मिलकर 12 ओवर में स्कोर 60 रन तक पहुंचाया. लेकिन 15वें ओवर में शार्दुल ठाकुर ने नाथन की गेंद पर सूर्यकुमार यादव के हाथों में अपना कैच दे दिया. उन्होंने 20 गेंदों पर 11 रन बनाए.

पांच ओवर बाकी थे और अगले बल्लेबाज़ आए इमरान ताहिर. दूसरे छोर पर सैम कुरैन टिके हुए थे और उनके बल्ले से लगातार रन निकल रहे थे. 16 ओवर में आठ विकेट पर स्कोर पहुंचा 73 रन.

सैम कुरैन 20वें ओवर में ट्रेंट बोल्ड की गेंद पर आउट हुए. उन्होंने 47 गेदों में 52 रनों की बेहद अहम पारी खेली. इमरान ताहिर 13 रन बनाकर नाबाद रहे.

टीम और खिलाड़ी

मुंबई इंडियंस- सौरभ तिवारी, क्विंटन डि-कॉक, सूर्य कुमार यादव, ईशान किशन, हार्दिक पंड्या, केरोन पोलार्ड, कृणाल पांड्या, नाथन कोल्टर नील, राहुल चाहर, ट्रेंट बोल्ट, जसप्रीत बुमराह

चेन्नई सुपर किंग्स- सैम कुरैन, फॉफ-डू-प्लेसी, ऋ़तुराज गायकवाड़, अंबाती रायडू, नारायण जगदीसन एमएस धोनी कप्तान, रविंद्र जडेजा, जोश हेज़लवुड, दीपक चाहर, इमरान ताहिर, शार्दुल ठाकुर

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबर फ़ॉलो भी कर सकतेहैं.)