IPL 2020: DC vs RR- दिल्ली ने राजस्थान को 13 रन से हराया

शिखर धवन

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

प्रकाशित

बुधवार को आईपीएल में दुबई में आईपीएल का 30वां मैच खेला गया. इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स और राजस्थान रॉयल्स आमने सामने थी जहॉ राजस्थान के सामने जीत के लिए 162 रन का लक्ष्य था. राजस्थान की टीम निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट खोकर 147 रन ही बना सकी और उसे 13 रन से हार का सामना करना पड़ा.

जीत की तलाश में राजस्थान ने बेन स्टोक्स और जोस बटलर के साथ पारी की शुरूआत की.

बेन स्टोक्स एक छोर पर अपनी लय में खेल रहे थे लेकिन जोस बटलर उनका साथ 22 रन बनाकर छोड़ गए.

उन्हें नोर्किये ने बोल्ड किया. इन दोनों ने पहले विकेट के लिए तीन ओवर में ही 37 रन जोड़ डाले. इसके बाद मैदान में कप्तान स्टीव स्मिथ उतरे लेकिन उनकी ख़राब फ़ॉर्म का सिलसिला टूटा नही.

वह आर अश्विन की गेंद पर उन्हीं को बेहद आसान सा कैच दे बैठे. स्मिथ केवल एक रन बना सके.

वैसे स्मिथ ने इस आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के ख़िलाफ़ 69 और उसके बाद किंग्स इलेवन पंजाब के ख़िलाफ़ 50 रन बनाकर यानि लगातार दो अर्धशतकीय पारियां खेलकर शानदार शुरूआत की थी. स्मिथ की जगह संजू सैमसन ने ली.

सैमसन और बेन स्टोक्स ने स्कोर को 10.3 ओवर में 86 रन तक पहुँचाया लेकिन इसी स्कोर पर बेन स्टोक्स तुषार देशपांडे की गेंद पर ललित यादव के हाथों कैच हुए.

अगला झटका लगते हुए भी राजस्थान को बहुत देर नही लगी. चौथी विकेट संजू सैमसन की थी जो 18 गेंद पर 25 रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर बोल्ड हो गए. राजस्थान के विकेट गिरने का सिलसिला यहीं नही थमा.

नोर्किये बने मैन ऑफ़ द मैच

पिछले मैच में केवल 26 गेंद पर नाबाद 42 रन बनाकर हैदराबाद को हार के मूंह में धकेलने वाले रियान पराग अक्षर पटेल के हाथों रन आउट हो गए.

इसके बाद दिल्ली को बड़ी कामयाबी तब मिली जब रोबिन उथप्पा को एनरिक नोर्किये ने बोल्ड कर दिया. रोबिन उथप्पा 27 गेंदो पर 32 रन बनाकर आउट हुए.

यह रोबिन उथप्पा का इस आईपीएल में सर्वाधिक स्कोर रहा. अब राजस्थान की सारी उम्मीदें चमत्कारिक बल्लेबाज़ी करते आ रहे राहुल तेवतिया पर टिक गई लेकिन दूसरे छोर पर जोफ्रा आर्चर उनका साथ छोड़ गए.

कैगिसो रबाडा की गेंद पर उनका आसान सा कैच अजिंक्य रहाणे ने पकड़ा. इसके साथ ही राजस्थान का स्कोर सात विकेट खोकर 138 रन हो गया.

आख़िरी ओवर में राजस्थान को जीत के लिए 22 रन की ज़रूरत थी. आख़िरी ओवर युवा गेंदबाज़ और अपना पहला मैच खेल रहे तुषार देशपांडे ने किया. उन्होंने केवल आठ रन दिए और श्रेयस गोपाल का विकेट भी लिया. राहुल तेवतिया 14 रन बनाकर नाबाद रहे.

दिल्ली के तुषार देशपांडे ने 37 रन देकर दो और एनरिक नोर्किये ने 33 रन देकर दो विकेट हासिल किए. नोर्किये मैन ऑफ़ द मैच भी रहे.

दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया

शिखर धवन, श्रेयस अय्यर

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

इससे पहले दिल्ली के कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया. दिल्ली ने निर्धारित 20 ओवर में सात विकेट खोकर 161 रन बनाए.

दिल्ली के लिए सलामी बल्लेबाज़ शिखर धवन ने धुआंधार बल्लेबाज़ी करते हुए केवल 33 गेंदों पर छह चौके और दो छक्कों की मदद से 57 रन बनाए. इस आईपीएल में यह उनका लगातार दूसरा अर्धशतक था.

इससे पहले उन्होंने पिछले मैच में मुंबई इंडियंस के ख़िलाफ़ भी नाबाद 69 रन बनाए थे.

श्रेयस अय्यर का अर्धशतक

शिखर धवन के अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी जमकर खेलते हुए 43 गेंदों पर तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 53 रन बनाए. कप्तान श्रेयस अय्यर ने तब मोर्चा संभाला जब दिल्ली को राजस्थान के तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर लगातार दो करारे झटके दे चुके थे.

पहले तो जोफ्रा आर्चर ने अपने पहले ओवर की पहली ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज़ पृथ्वी शॉ को बोल्ड किया और उसके बाद अजिंक्य रहाणे को भी रोबिन उथप्पा के हाथों कैच कराया.

अजिंक्य रहाणे केवल दो रन बना सके. दस रन पर दो विकेट खोने के बाद बनते दबाव को कप्तान श्रेयस अय्यर और अनुभवी शिखर धवन ने तीसरे विकेट के लिए 85 रन की साझेदारी कर दूर किया.

श्रेयस अय्यर का यह इस आईपीएल में दूसरा अर्धशतक रहा. इससे पहले उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के ख़िलाफ़ भी 88 रन की नाबाद पारी खेली थी.

शिखर धवन एक ग़ैर-ज़िम्मेदाराना शॉट खेलते हुए श्रेयस गोपाल की गेंद पर कार्तिक त्यागी के हाथों कैच हुए. दरअसल शिखर धवन पूरी तरह जमने के बाद रिवर्स हिट जैसा शॉट खेल बैठे जबकि वह इसे बहुत कम खेलते हैं.

IPL 2020, आईपीएल 2020

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

शिखर धवन और श्रेयस अय्यर के बाद मारकस स्टोइनिस ने 18 और एलेक्स कैरी ने 14 रन बनाकर टीम को थोड़ा बहुत सहारा दिया.

राजस्थान के तेज़ गेंदबाज़ जोफ्रा आर्चर ने केवल 19 रन देकर तीन और जयदेव उनादकट ने 32 रन देकर दो विकट हासिल किए. टीम में शामिल किए गए बेन स्टोक्स काफ़ी महंगे साबित हुए और उन्होंने दो ओवर में 24 रन ख़र्च किए.

वैसे इस मुक़ाबले में दिल्ली ने हर्षल पटेल की जगह तेज़ गेंदबाज़ तुषार देशपांडे को टीम में जगह दी. विकेटकीपर बल्लेबाज़ ऋषभ पंत इस मैच में भी नहीं खेले.

इसके साथ ही दिल्ली अंक तालिका में आठ मैच में छह जीत और 12 अंक के साथ पहले पायदान पर पहुँच गई है.

राजस्थान रॉयल्स आठ मैच में पाँच हार ओर तीन जीत के साथ छह अंको से साथ सातवें पायदान पर है.

ये भी पढ़ें

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आपयहां क्लिककर सकते हैं. आप हमेंफ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम औरयूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)