IPL 2020: दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को धूल चटाई, 46 रनों से हराया

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

प्रकाशित

शुक्रवार को शारजाह के मैदान पर खेले गए आईपीएल के मुक़ाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स को 46 रनों से हरा दिया. दिल्ली ने राजस्थान के सामने जीत के लिए 185 रनों का लक्ष्य रखा था, लेकिन राजस्थान की पूरी टीम निर्धारित 138 रन ही बना सकी.

185 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. सलामी बल्लेबाज़ जोस बटलर तीसरे ओवर में आर अश्विन की गेंद पर शिखर धवन के हाथों कैच आउट हो गए. उन्होंने दो चौकों की मदद से 8 गेंद पर 13 रन बनाए.

यशस्वी जायसवाल का साथ देने आए स्टीव स्मिथ. दोनों ने मिलकर पारी को संभाला और रनों की गति बढ़ाई. लेकिन नौवें ओवर में एनरिच नोर्टजे की गेंद पर हेटमायर ने स्टीव स्मिथ का शानदार कैच पकड़ा. एम्पायर को फ़ैसला सुनाने में दिक्कत हुई तो थर्ड एम्पायर की मदद ली गई. फ़ैसला हेटमायर के पक्ष में आया और स्टीव स्मिथ को जाना पड़ा.

स्टीव स्मिथ ने दो चौके और एक छक्के की मदद से 17 गेंद पर 24 रन बनाए. दूसरे विकेट के नुकसान पर राजस्थान रॉयल्स का स्कोर 56 रन था.

एक छोर यशस्वी जायसवाल ने संभाल रखा था और दूसरे छोर पर उनका साथ देने आए संजू सैमसन. लेकिन उनका बल्ला कोई कमाल नहीं दिखा पाया. 11वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर संजू सैमसन, हेटमायर को अपना कैच दे बैठे. संजू ने नौ गेंदों का सामना करके पांच रन बनाए.

राजस्थान रॉयल्स को संभलने से पहले ही दो और झटके लग गए. 12वें ओवर में महिपाल को आर अश्विन ने अपना निशाना बनाया और अगले ही ओवर में यशस्वी को स्टोइनिस ने पवैलियन भेज दिया.

हैटमायर

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

हेटमायर ने दिखाई चुस्ती-फुर्ती

महिपाल दो गेंद पर एक रन ही बना पाए थे. यशस्वी ने दो छक्के और एक चौके की मदद से 36 गेंद पर 34 रन बनाए.

रन बनाने की ज़िम्मेदारी अब राहुल तेवतिया और एंड्रयू टाइ के कंधों पर आई. पांच विकेट गिर चुके थे और रन सिर्फ़ 82 बने थे. लेकिन एंड्रयू टाइ भी तू चल-मैं आया की तर्ज़ पर छह रन बनाकर अक्षर पटेल की गेंद पर रबाडा के हाथों कैच आउट हो गए.

छह विकेट के नुकसान पर टीम का स्कोर था 90 रन. छह ओवर के साथ चार विकेट बाकी थे. राहुल तेवतिया के बल्ले से रन नहीं निकल रहे थे और जोफ्रा आर्चर ने अभी बस मोर्चा संभाला ही था कि अगले ही ओवर में आर्चर ने रबाडा की गेंद पर श्रेयस अय्यर को अपना कैच दे दिया. उनका योगदान था चार गेंद पर तीन रन.

15 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर टीम का स्कोर पहुंचा 100 रनों पर. श्रेयस गोपाल के साथ राहुल तेवतिया एक-एक, दो-दो रन चुरा रहे थे. लेकिन हर्शल पटेल की गेंद पर सीमारेखा से कुछ कदम पहले हेटमायर ने एक बार फिर अपनी चुस्ती-फुर्ती दिखाते हुए श्रेयस गोपाल का शानदार कैच लपका. श्रेयस गोपाल ने तीन गेंद पर दो रन बनाए.

हेटमायर

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

आठ विकेट के नुकसान पर राजस्थान रॉयल्स का स्कोर पहुंचा 121 रनों पर. अगले बल्लेबाज़ आए कार्तिक त्यागी, जबकि दूसरे छोर पर तेवतिया अपने तेवर दिखाने की भरपूर कोशिश कर रहे थे.

18 ओवर हो चुके थे, आठ विकेट गिर चुके थे, रन बने थे 129. राजस्थान रॉयल्स को जीतने के लिए 11 गेंद पर 56 रनों की ज़रूरत थी. त्यागी-तेवतिया की जोड़ी से किसी करिश्मे की उम्मीद की जा रही थी.

लेकिन 20वें ओवर में रबाडा की पहली ही गेंद तेवतिया के बल्ले से लगती हुई सीधे स्टम्प में गई और इस तरह तेवतिया 29 गेंद पर 38 रन बनाकर आउट हो गए. उन्होंने दो छक्के और तीन चौके मारे.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

आख़िरी बल्लेबाज़ वरुण एरोन दो गेंद पर एक रन बना पाए और रबाडा की गेंद पर ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट हुए. आख़िरी ओवर की दो गेंद बाकी थी, लेकिन सारे विकेट गिर चुके थे. राजस्थान रॉयल्स 138 रन पर सिमट गई

पहली पारी

श्रेयस अय्यर

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

दिल्ली कैपिटल्स ने राजस्थान रॉयल्स के सामने जीत के लिए 185 रनों का लक्ष्य रखा था. दिल्ली कैपिटल्स ने निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 184 रन बनाए जिसमें हेटमायर ने सबसे अधिक 45 रनों का योगदान दिया. शिखर धवन और ऋषभ पंत का बल्ला कोई कमाल नहीं दिखा पाया.

टूर्नामेंट का ये 23वां मुक़ाबला था जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर दिल्ली कैपिटल्स को पहले बल्लेबाज़ी की दावत दी.

दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत ख़राब हुई. पृथ्वी शॉ के साथ पारी की शुरुआत करने वाले शिखर धवन दूसरे ही ओवर में जोफ्रा आर्चर की गेंद पर यशस्वी जायसवाल को कैच दे बैठे.

शिखर धवन

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

इस तरह 12 रन पर दिल्ली को पहला झटका लगा. शिखर धवन ने चार गेंद में पाँच रन बनाए. उसके बाद आए कप्तान श्रेयस अय्यर, जिन्होंने पृथ्वी शॉ के साथ मिलकर रन बटोरना शुरू किया.

पृथ्वी शॉ अपना बल्ला हवा में घुमा रहे थे, गेंद बाउंड्री के पार भी जा रही थी. लेकिन जोफ्रा आर्चर की गेंद पर पृथ्वी शॉ ने जब बल्ला घुमाया, पिच के ऊपर गेंद तो बहुत ऊँचाई पर गई लेकिन नीचे खड़े जोफ्रा ने उसे लपकने में कोई ग़लती नहीं की.

दिल्ली का दूसरा विकेट जब गिरा, उस समय टीम का स्कोर था 42 रन . पृथ्वी शॉ ने दो चौके एक छक्के की मदद से 10 गेंद पर 19 रन बनाए.

राजस्थान रॉयल्स

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

दो झटके लगने के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर का साथ देने आए ऋषभ पंत. लेकिन इससे पहले कि जोड़ी पिच पर जमती, तेवतिया की गेंद पर श्रेयस अय्यर को यशस्वी जायसवाल ने रन आउट कर दिया.

श्रेयस अय्यर ने 4 चौकों की मदद से 18 गेंदों में 22 रनों का योगदान दिया. तीन विकेट के नुक़सान पर टीम का स्कोर था 50 रन. ऋषभ पंत का साथ देने आए मार्कस स्टोइनिस.

लेकिन दसवें ओवर में मनन वोहरा ने ऋषभ पंत को रन आउट कर दिया. ऋषभ पंत ने नौ गेंद पर पाँच रन बनाए.

चार विकेट के नुक़सान पर दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर था 79 रन. मार्कस स्टोइनिस तेज़ी से रन बना रहे थे. उनका साथ देने आए शिमरोन हेटमायर.

लेकिन मार्कस स्टोइनिस भी ज़्यादा देर तक पिच पर नहीं टिक सके और राहुल तेवतिया की गेंद पर स्टीव स्मिथ को कैच दे बैठे. उन्होंने चार छक्के की मदद से 30 गेंद पर 39 रन बनाए.

आईपीएल

इमेज स्रोत, BCCI/IPL

पाँच विकेट के नुक़सान पर दिल्ली कैपिटल्स ने 14वें ओवर में 109 रन बना लिए थे. इसके बाद पिच पर आए हर्शल पटेल. शिमरोन हेटमायर के बल्ले से रन लगातार निकल रहे थे, लेकिन 17वें ओवर में कार्तिक त्यागी की गेंद पर हेटमायर ने अपना कैच राहुल तेवतिया को दे दिया.

हेटमायर ने पाँच छक्के और एक चौके की मदद से 24 गेंद में 45 रन बनाए. 6 विकेट के नुक़सान पर दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर पहुँचा 149 रन. पिच पर अब एक तरफ़ थे हर्शल पटेल और दूसरे छोर पर अक्षर पटेल.

अक्षर पटेल अच्छा खेल रहे थे, उनके बल्ले से दो चौके और एक छक्का भी निकला. लेकिन आठ गेंद पर 17 रन बनाकर एंड्रयू टाइ की गेंद पर जोस बटलर को कैच दे बैठे.

सात विकेट गिरने के बाद पिच पर आए रबाडा, लेकिन तभी जोफ्रा आर्चर की गेंद पर हर्शल पटेल ने अपना कैच राहुल तेवतिया के हाथ में दे दिया.

हर्शल पटेल ने 15 गेंद पर 16 रनों का योगदान दिया. रबाडा दो रन बनाकर नाबाद रहे. आर अश्विन अपना खाता भी नहीं खोल पाए.

टीम और खिलाड़ी

राजस्थान रॉयल्स- स्टीव स्मिथ (कप्तान), जोस बटलर (विकेटकीपर) यशस्वी जायसवाल, संजू सैमसन, महिपाल, राहुल तेवतिया, जोफ्रा आर्चर, श्रेयस गोपाल, एंड्रयू टाइ, वरुण एरोन और कार्तिक त्यागी.

दिल्ली कैपिटल्स- श्रेयस अय्यर (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), पृथ्वी शॉ, शिखर धवन, शिमरोन हेटमायर, मार्कस स्टोइनिस, अक्षर पटेल, रविचंद्रन अश्विन, रबाडा, एनरिच नोर्टजे और हर्शल पटेल.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)