IPL 2020: DCvsKKR- रोमांचक मैच में दिल्ली की कोलकाता पर जीत, 18 रन से हराया

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल-13 के 16वें मैच में गेंद और बल्ले के बीच हुए दिलचस्प मुक़ाबले में कोलकाता नाइट राइडर्स को 18 रन से हरा दिया.
कोलकाता के सामने 229 रन का बड़ा लक्ष्य रखने वाली दिल्ली की टीम ने उसे 20 ओवर में 8 विकेट पर 210 रन ही बनाने दिए.
शारजाह में रविवार को खेले गए मैच में कोलकाता के लिए नीतीश राणा ने 58, इयॉन मोर्गन ने 44 और राहुल त्रिपाठी ने 36 रन की पारी खेलकर मैच को रोमांचक बनाने की कोशिश की.
दिल्ली के लिए एनरिच नोर्जे ने तीन और हर्शल पटेल ने दो विकेट लिए. इसके पहले दिल्ली के बल्लेबाज़ों ने 20 ओवर में 4 विकेट पर 228 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया था. दिल्ली के लिए नाबाद 88 रन बनाने वाले कप्तान श्रेयस अय्यर मैन ऑफ़ द मैच चुने गए.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
खराब शुरुआत
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोलकाता नाइट राइडर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही. ओपनिंग के लिए आए सुनील नरेन एक बार फिर नाकाम रहे. वो दूसरे ओवर में नोर्जे की गेंद पर बोल्ड हो गए. नरेन सिर्फ़ तीन रन बना सके.
अच्छी फॉर्म में चल रहे दूसरे ओपनर शुभमन गिल ने नीतीश राणा के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 64 रन जोड़े. इस साझेदारी के दौरान दोनों बल्लेबाज़ गेंद को बाउंड्री के बाहर भेजने की कोशिश में रहे. राणा ने अश्विन के पहले ओवर में दो छक्के लगाए. चौथे ओवर में गिल ने नोर्जे पर एक चौका और एक छक्का जड़ा. छठे ओवर में राणा ने हर्शल पटेल पर लगातार दो चौके जड़े. छठे ओवर में ही इन दोनों ने कोलकाता का स्कोर 50 रन के पार पहुंचा दिया.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
अमित ने तोड़ी जोड़ी
सातवें ओवर में अमित मिश्रा ने गेंद थामी और इसी ओवर में उन्होंने राणा का कैच टपका दिया. राणा उस समय 27 रन पर थे. दिल्ली को दूसरी कामयाबी अमित मिश्रा ने ही दिलाई. उन्होंने अपने दूसरे ओवर की पहली गेंद पर शुभमन गिल को आउट कर दिया. गिल ने 22 गेंद पर 28 रन बनाए.
उनकी जगह क्रीज पर आए आंद्रे रसेल ने 10वें ओवर में कागिसो रबाडा की गेंद पर एक चौका और एक छक्का जड़ा लेकिन उनकी पारी लंबी नहीं खिंची. इसी ओवर में रबाडा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया. वो 13 रन बना सके.
10 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर था तीन विकेट पर 94 रन. 11 वें ओवर में कोलकाता ने सौ रन का आंकड़ा छू लिया. अगले ओवर में राणा ने हाफ सेंचुरी पूरी कर ली. 50 रन तक पहुंचने में उन्होंने 32 गेंदें खेलीं.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
झटके पर झटका
13 वें ओवर में राणा को हर्शल पटेल ने पवेलियन भेजा. वो 34 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 58 रन बनाकर लौटे. अगली ही गेंद पर पटेल ने कोलकाता के कप्तान दिनेश कार्तिक को आउट कर दिया. वो आठ गेंदों में सिर्फ़ छह रन बना सके.
कोलकाता को छठा झटका नोर्जे ने दिया. उन्होंने 14 वें ओवर में पैट कमिंस का विकेट लिया. कमिंस सिर्फ़ पांच रन बना सके.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
आखिरी ओवरों का रोमांच
15 ओवर के बाद कोलकाता का स्कोर था 6 विकेट पर 137 रन. आखिरी पांच ओवर में उन्हें जीत के लिए 92 रन बनाने थे.
जब मैच एक तरफा दिखने लगा तो इयॉन मोर्गन और राहुल त्रिपाठी ने चौके और छक्कों की झड़ी लगा दी. त्रिपाठी ने 17वें ओवर में मार्कस स्टोइनिस की गेंद पर तीन छक्के और एक चौका जड़ा.
18 वें ओवर में मोर्गन ने रबाडा पर लगातार तीन छक्के जड़े. इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर अंपायर ने रबाडा की अपील पर त्रिपाठी को आउट दे दिया लेकिन रिव्यू के बाद ये फैसला बदलना पड़ा.
कोलकाता को आखिरी दो ओवर में 31 रन बनाने थे. 19 वें ओवर में नोर्जे ने मोर्गन को आउट कर दिया. त्रिपाठी के साथ 5 ओवर में 78 जोड़ने वाले मोर्गन ने 44 रन बनाए. उन्होंने एक चौका और पांच छक्के जड़े.
कोलकाता को आखिरी ओवर में जीत के लिए 26 रन बनाने थे. ओवर की दूसरी ही गेंद पर स्टोइनिस ने त्रिपाठी को आउट कर दिया. उन्होंने 16 गेंद में 36 रन बनाए. कोलकाता की टीम आखिरी ओवर में सात रन ही बना सकी.

इमेज स्रोत, BCCI/IPL
दिल्ली- 228/4 (20 ओवर)
इसके पहले दिल्ली कैपिटल्स ने 20 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाए. दिल्ली के लिए श्रेयस अय्यर ने कप्तानी पारी खेली. उन्होंने सिर्फ़ 38 गेंद में नाबाद 88 रन बनाए. अय्यर ने सात चौके और छह छक्के जड़े.
ओपनर पृथ्वी शॉ ने बल्ले का दम दिखाया. उन्होंने 41 गेंदों में चार चौकों और चार छक्कों की मदद से 66 रन बनाए. पृथ्वी शॉ ने शिखर धवन के साथ पहले विकेट के लिए 56 और कप्तान अय्यर के साथ दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े.
दिल्ली के लिए ऋषभ पंत ने 38 और शिखऱ धवन ने 26 रन बनाए.
कोलकाता के सबसे किफायती और कामयाब गेंदबाज़ आंद्रे रसेल रहे. उन्होंने 29 रन देकर दो विकेट लिए.
- IPL 2020: RCBvsRR- विराट का बोला बल्ला, अबुधाबी में बैंगलोर का हल्ला
- धोनी की टीम पर भारी पड़कर ‘सबके प्रिय’ बने प्रियम गर्ग
- IPL 2020: मुंबई इंडियंस ने किंग्स इलेवन पंजाब को हराया
- IPL 2020: SRHvsDC- लौट आया सनराइज़र्स हैदराबाद का 'लकी चार्म'?
- IPL 2020: विराट से हारे तो क्या, हीरो बन गए ईशान
- IPL 2020: ओ तेवतिया.. अहा तेवतिया.. वाह तेवतिया
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूबपर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)



















