सुमित नागल यूएस ओपन के दूसरे दौर में पहुंचे, भारत का सात साल का इंतज़ार ख़त्म

सुमित नागल

इमेज स्रोत, Getty Images

प्रकाशित
पढ़ने का समय: 2 मिनट

भारतीय टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल यूएस ओपन 2020 में पुरुषों के एकल मुक़ाबले के दूसरे दौर में प्रवेश कर गए हैं. पहले दौर के मैच में उन्होंने अमरीका के ब्रैडली क्लान को हराया.

विश्व रैंकिंग में 124वें पायदान पर मौजूद 23 साल के सुमित नागल ने ब्रैडली क्लान को 6-1, 6-3, 3-6, 6-1 से पराजित किया.

भारत के टॉप रैंक वाले पुरुष एकल खिलाड़ी सुमित नागल अपने करियर में पहली बार किसी ग्रैंड स्लैम के दूसरे दौर में पहुंचे हैं.

सात साल बाद यह पहला मौक़ा है जब किसी भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी ने यूएस ओपन में कोई मैच जीता है. उनसे पहले 2013 में सोमदेव देववर्मन ने यह उपलब्धि हासिल की थी.

छोड़िए X पोस्ट
X सामग्री की इजाज़त?

इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

चेतावनी: तीसरे पक्ष की सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

पोस्ट X समाप्त

ख़ास बात यह है कि सुमित नागपाल लगातार दूसरी बार यूएस ओपन के मेन ड्रॉ तक पहुंचे हैं.

पिछले साल पहले दौर के मैच में उन्हें 20 बार ग्रैंड स्लैम जीत चुके रोजर फ़ेडरर से हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि, पहले सेट में उन्होंने फ़ेडरर को कड़ी चुनौती दी थी. इस मैच में फ़ेडरर ने 4-6, 6-1, 6-2, 6-4 से जीत हासिल की थी.

रोजर फ़ेडरर

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पिछले साल पहले दौर के मैच में फ़ेडरर से हारे थे सुमित नागल

नागल दिल्ली एनसीआर में पले-बढ़े टेनिस खिलाड़ी हैं, जिनपर महेश भूपति की नज़र पड़ी और उन्होंने नागल को अपनी एकेडमी में टेनिस के गुर सीखने का मौका दिया.

इसके बाद नागल को जर्मनी में टेनिस की ट्रेनिंग मिली. वह 2015 में जूनियर विबंलडन डबल्स का ख़िताब जीत चुके हैं.

यूएस ओपन 2020 के दूसरे दौर में नागल की टक्कर ऑस्ट्रिया के खिलाड़ी डोमीनिक थीम से होगी.

रोमांचक जीत के बाद एंडी मरे दूसरे दौर में

एंडी मरे

इमेज स्रोत, Reuters

वहीं, यूएस ओपन के पहले दौर के एक अन्य मैच में एंडी मरे ने योशीहीतो निशिओका के ख़िलाफ़ शानदारी वापसी करते हुए लंबे समय बाद ग्रैंड स्लैम में एकल खिताब जीतने की उम्मीदें बरक़रार रखी हैं.

मंगलवार को खेले गए मैच में मरे ने शुरू में ख़ास दम नहीं दिखाया मगर फिर उन्होंने मैच पॉइंट बचाते हुए वापसी की और जीत हासिल की. 33 साल के ब्रितानी खिलाड़ी एंडी मरे ने जापानी खिलाड़ी को 4-6 4-6 7-6 (7-5) 7-6 (7-4) 6-4 से हराया.

मरे ने 2019 में ऑस्ट्रेलियन ओपन में आख़िरी अहम मैच खेला था. इसके बाद उन्हें कूल्हे में आई चोट को लेकर सर्जरी करवानी पड़ी थी.

चार घंटे, 38 मिनट तक चले मैच में जीत हासिल करने वाले एंडी मरे दूसरे दौर में कनाडा के फ़ेलिक्स ऑगर-एलियासेम से भिड़ेंगे.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)