वेलिंगटन टेस्ट: टेस्ट सीरीज़ का पहला मैच 10 विकेट से हारा भारत

पहले मैच की समाप्ति के बाद पवेलियन लौटते भारतीय खिलाड़ी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, पहले मैच की समाप्ति के बाद पवेलियन लौटते भारतीय खिलाड़ी
प्रकाशित

दो टेस्ट मैचों की सीरीज़ के पहले मैच में न्यूज़ीलैंड ने भारत को 10 विकेट से हरा दिया. वेलिंगटन के बेसिन रिज़र्व स्टेडियम में हुए इस मैच का नतीजा चौथे दिन के पहले दो घंटे के खेल में ही निकल आया.

चौथे दिन का जब खेल शुरू हुआ तो भारत ने चार विकेट पर 144 रन से आगे खेलना शुरू किया. अजिंक्य रहाणे और हनुमा विहारी पर बड़ी जिम्मेदारी थी. लेकिन दिन के तीसरे ओवर में ही रहाणे पवेलियन लौट गए, इसके अगले ओवर में हनुमा विहारी को टिम साउदी ने अपना शिकार बना लिया.

करीब 79 मिनट के खेल में भारत के छह विकेट गिर गए और इस दौरान भारतीय बल्लेबाज़ महज 47 रन जोड़ पाए.

भारत की पारी को इस हाल में पहुंचाने में बड़ी भूमिका टिम साउदी की रही, जिन्होंने इस महज 61 रन देकर दूसरी पारी में पांच विकेट चटकाए. भारत कुल 191 रनों पर ऑल आउट हो गया.

इस लिहाज़ से न्यूज़ीलैंड को चौथी पारी में जीत के लिए सिर्फ़ 9 रनों की ज़रूरत थी. चौथे दिन के पहले सीज़न में 9 रन बनाकर न्यूज़ीलैंड ने यह मैच अपने नाम कर लिया. चौथी पारी में न्यूज़ीलैंड की ओर से टॉम लाथम 7 और टॉम ब्लंडल 2 रनों पर नॉट आउट लौटे.

टेस्ट मैचों में न्यूज़ीलैंड की ये दस विकेट से पांचवीं जीत है, जिसमें तीन बार उसने ये कारनामा भारत के ख़िलाफ़ किया है.

क्या क्या हुआ टेस्ट में

21 फरवरी से शुरू हुए इस मैच में न्यूज़ीलैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया. भारत की शुरुआत ख़राब रही. बारिश की वजह से पहले दिन सिर्फ़ 55 ओवर डाले गए, जिनमें भारत ने 5 विकेट खोकर 122 रन बनाए.

दूसरे दिन भारत की पहली पारी 165 रनों पर सिमट गई. न्यूज़ीलैंड ने पहली पारी में 348 रनों का स्कोर खड़ा किया. इस पारी में ईशांत शर्मा ने 5 विकेट लिए.

न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने पहली पारी में 89 रनों की पारी खेली

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, न्यूज़ीलैंड के कप्तान केन विलियमसन ने पहली पारी में 89 रनों की पारी खेली

यह मैच काइल जेमिसन के लिए बेहद यादगार रहा, जिन्होंने इंडिया के ख़िलाफ़ डेब्यू किया. अपने पहले टेस्ट मैच के पहले ही दिन उन्होंने भारतीय कप्तान विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी को आउट किया था.

हालांकि, पहली पारी में चार विकेट लेने वाले काइल दूसरी पारी में एक भी विकेट नहीं ले पाए.

न्यूज़ीलैंड की ओर से टिम साउदी ने दूसरी पारी में पांच विकेट लिए. पहली पारी में भी उन्होंने चार विकेट झटके थे. आख़िर में उन्हें ही मैन ऑफ़ द मैच चुना गया.

भारत के स्टार बल्लेबाज़ों विराट कोहली और चेतेश्वर पुजारा के लिए यह मैच निराशाजनक रहा. कप्तान विराट कोहली पहली पारी में दो रनों पर आउट हो गए थे. दूसरी पारी में भी वह 19 रन ही बना सके.

कप्तान कोहली का बल्ला दोनों ही पारियों में नहीं चल पाया

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, कप्तान कोहली का बल्ला दोनों ही पारियों में नहीं चल पाया

वहीं दुनिया में टेस्ट क्रिकेट के बेहतरीन बल्लेबाज़ों में शुमार चेतेश्वर पुजारा दोनों ही पारियों में 11 रनों के स्कोर पर आउट हुए.

इस जीत के साथ ही न्यूज़ीलैंड ने दो मैचों की सिरीज़ में 1-0 से बढ़त बना ली है.

भारतीय टीम इन दिनों न्यूज़ीलैंड दौरे पर है. इस दौरे की शुरुआत पांच मैचों की टी-20 सिरीज़ से हुई थी, जिसमें टीम ने पांचों मैच जीतकर वाइटवॉश किया था.

फिर तीन मैचों की वनडे सिरीज़ हुई, जिनमें टीम इंडिया एक भी मैच नहीं जीत पाई. अब दो मैचों की टेस्ट सीरीज़ का पहला मैच खत्म हो चुका है. देखना होगा कि टीम इंडिया दूसरा मैच जीतकर सिरीज़ ड्रॉ करा पाती है या इसका हाल भी वनडे सी़िरीज़ जैसा ही होगा.

सिरीज़ का दूसरा मैच 29 फरवरी से शुरू होगा.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)