सोशल: 'वो सहवाग और विराट की तरह नहीं खेलती'

हरमनप्रीत कौर
प्रकाशित

आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप 2017 के सेमीफ़ाइनल में धमाकेदार बल्लेबाज़ी की बदौलत भारतीय खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर सोशल मीडिया के टॉप ट्रेंड्स में अपनी जगह बनाने में सफल रहीं.

गुरूवार को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ खेलते हुए हरमनप्रीत कौर ने विस्फोटक शतक लगाया और इस शतक की मदद से भारत ने विपक्षी टीम के सामने 282 रनों का लक्ष्य रखा.

भारतीय पारी की हीरो साबित हुईं हरमनप्रीत कौर. उन्होंने महज़ 115 गेंदों पर नाबाद 171 रन बनाए. अपनी इस पारी में उन्होंने 20 चौके और 7 छक्के लगाए.

उनकी बल्लेबाज़ी की सोशल मीडिया पर ख़ूब तारीफ़ हो रही है.

'ताउम्र याद रखे जाने वाली पारी'

हरमनप्रीत कौर

ट्विटर पर वीरेंद्र सहवाग ने लिखा, "हरमनप्रीत कौर की ताउम्र याद रखे जाने वाली पारी. कितनी सफाई से वो शॉट लगाती हैं. उन्हें देखना अद्भुत है. उन्होंने अकेले ही भारतीय पारी में 60% रन जोड़े. उन्होंने फैन बना लिया है. बाकी दारोमदार अब गेंदबाज़ों पर है."

@TheCricketPaper हैंडल ने लिखा है कि पंजाब के मोगा की एक लड़की आज पूरी दुनिया में ट्रेंड कर रही है. इससे बढ़िया क्या हो सकता है.

'सिर्फ हरमनप्रीत की तरह खेली'

हरमनप्रीत कौर

राहुल नंदा ने अपने ट्विटर हैंडल @rahulnanda86 से लिखा, "एक अकेली लड़की ने मानो पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम को तबाह कर दिया. 115 गेंदों में 171 रन. वो भी 20 चौकों और 7 छक्कों की मदद से. इस टीम से बढ़िया कुछ नहीं."

ट्विटर हैंडल @tunkuv ने लिखा है, "कमाल कर दिया हरमनप्रीत. बस अब कोई ये न कहे कि वो सहवाग और विराट की तरह खेली. वो सिर्फ और सिर्फ हरमनप्रीत की तरह खेली है."

हरमनप्रीत कौर

उमंग पबारी ने ट्विटर पर लिखा है कि महिला क्रिकेट वनडे में यह पांचवां सबसे बड़ा स्कोर है. लेकिन किसी ऐसे बल्लेबाज़ द्वारा जो ऑपनर नहीं है, यह सबसे बड़ा स्कोर है.

अभिषेक ने अपने ट्विटर हैंडल @ovshake42 पर लिखा है, "मैं खुशनसीब हूं. आज मैंने हरमनप्रीत को बैटिंग करते देखा."

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)