http://www.bbcchindi.com

अफ्रीका के जंगल में दिखा गुलाबी हाथी

वन्यजीवों की तस्वीरें उतारने वाले एक फ़ोटोग्राफ़र ने अत्यंत ही दुर्लभ गुलाबी रंग के हाथी के बच्चे को कैमरे में क़ैद करने में कामयाबी हासिल की है.

दक्षिण अफ़्रीक़ी देश बोट्स्वाना में गुलाबी रंग के एक हाथी का बच्चा लगभग 80 हाथियों की झुंड के साथ ओकावेंगो नदी के पास से गुज़र रहा था तभी बीबीसी वन्यजीवन कार्यक्रम के लिए फ़िल्म की शूटिंग कर रहे माइक होल्डिंग ने उसकी तस्वीरें उतार लीं.

विशेषज्ञों का मानना है वो एल्बिनो नस्ल का हाथी रहा होगा, जो कि अफ़्रीक़ा के जंगलों बहुत ही दुर्लभ है.

इस हाथी की लंबी उम्र को लेकर विशेषज्ञ बहुत आश्वस्त नहीं हैं क्योंकि अफ़्रीक़ा की चिलचिलाती सूरज की किरणों की वजह से उसे अंधापन और चमड़े की बीमारी हो सकती है.

मिनटों का नज़ारा

माइक होल्डिंग का कहना था, "हमने गुलाबी हाथी को केवल कुछ मिनटों के लिए देखा, जब ये हाथी अपने झुंड के साथ नदी को पार कर रहा था. "

माइक होल्डिंग कैमरे में गुलाबी हाथी के क़ैद करने के पल को याद करते हुए कहते हैं, "निश्चित तौर पर शिविर में सभी के लिए बहुत ही उत्साहजनक क्षण था, हम जानते थे कि ये बहुत ही दुर्लभ क्षण हैं. किसी को भी अपनी आंखों पर यक़ीन नहीं हो रहा था."

पर्यावरणविद माइक चैस का कहना है, "हम सिर्फ़ तीन एल्बिनो हाथी के बच्चों के बारे में जानते हैं. जो कि दक्षिण अफ़्रीक़ा के क्रुगर नेशनल पार्क में पाए गए हैं.".

चैस कहते हैं, "इस क्षेत्र में हम पिछले 10 साल से हाथियों के बारे में अध्ययन कर रहे हैं, लेकिन यह पहली बार है जब एल्बिनों हाथी के बारे में तथ्य मिल पाए हैं."

वो कहते हैं कि परिस्थितियाँ इस हाथी को लंबी उम्र तक जीने में मुश्किलें खड़ी कर सकता है.