http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 25 जनवरी, 2008 को 14:14 GMT तक के समाचार

कृत्रिम जीवन की ओर एक क़दम

अमरीकी वैज्ञानिकों ने प्रयोगशाला में कृत्रिम जीव बनाने के क्रम में एक अहम कामयाबी हासिल करने का दावा किया है.

साइंस नाम की पत्रिका में छपे एक शोध के मुताबिक कैलिफ़ोर्निया के क्रेग वेंटर संस्थान ने प्रयोगशाला में कृत्रिम रसायनों के प्रयोग से एक जीवाणु के डीएनए की नकल करने में सफलता पाई है.

इसे माइकोप्लाज़्म जेसीवीआई-1.0 नाम दिया गया है. इस शोध में 17 वैज्ञानिकों की टीम ने भाग लिया.

शोध से जुड़े डॉक्टर हैमिल्टन स्मिथ नें बीबीसी को बताया, "हमने प्रयोगशाला में माइकोप्लाज़्मा जेनिटेलियम जीवाणु के डीएनए से संश्लेषिक जीवन बनाने के क्रम में एक क़दम आगे बढ़ाया है."

उनका कहना था, "हम पूरे जीवन का कृत्रिम निर्माण नहीं कर रहे हैं केवल संश्लेषिक जीव की कोशिका के गुणसूत्रों को ही फिर से बना रहे हैं."

लेकिन आलोचक ने वैज्ञानिकों के बनाए जीवन के इस रूप को 'ख़तरनाक' बताया है. उनका कहना है कि ये प्रकृति के नियमों का उल्लंघन है.

उनकी ये भी चिंता है कि एक निजी कंपनी बहुत तेज़ी से इस क्षेत्र में काम कर रही है जबकि इस क्षेत्र में किसी भी तरह के नैतिक या फिर क़ानूनी मापदंड तय नहीं किए गए हैं.