गुरुवार, 20 दिसंबर, 2007 को 06:24 GMT तक के समाचार
जानेमाने पर्यावरणविद और जलवायु परिवर्तन के लिए नोबेल पुरस्कार प्राप्त अंतर-सरकारी पैनल के प्रमुख आरके पचौरी को ब्रिटिश साप्ताहिक पत्रिका 'नेचर' ने 'न्यूज़मेकर ऑफ़ द ईयर' घोषित किया है.
संयुक्त राष्ट्र के पैनल आईपीसीसी और अमरीका के पूर्व उपराष्ट्रपति अल गोर को जलवायु परिवर्तन पर संयुक्त रूप से नोबेल शांति पुरस्कार भी दिया गया है.
इस साल की शुरूआत में आईपीसीसी ने वैश्विक तापमान में वृद्धि और इसके असर के बारे में नीति निर्धारकों के मार्गदर्शन के लिए अपनी चौथी आकलन रिपोर्ट प्रकाशित की थी.
चेतावनी
नेचर पत्रिका कहती है, "इस विषय पर अनेक रिपोर्टों को प्रकाशित करना सैकड़ों वैज्ञानिकों का काम था. यह सभी पुरस्कार के योग्य थे और दस दिसंबर को नोबेल शांति पुरस्कार के ज़रिए इनका योगदान माना गया."
पत्रिका ने कहा, "लेकिन खास बोझ तो पैनल प्रमुख पर पड़ा और इस पद पर रहते हुए ज़रूरत पड़ने पर पचौरी ने सहमति बनाने की कोशिश की लेकिन ध्यान रखा कि वैज्ञानिकों के संदेश के साथ कोई समझौता न हो."
दस दिसंबर को अपना पुरस्कार लेते हुए पचौरी ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय को चेतावनी दी कि दुनिया की संपदा और प्राकृतिक संसाधनों को बचाने में लगातार की जा रही अनदेखी मानव जाति के लिए बहुत हानिकारक साबित हो सकती है.
उन्होंने ये भी कहा कि इससे जैव विविधता पर कुछ ऐसे असर भी हो सकते हैं जिन्हें बाद में पलटना मुमकिन न हो.