सोमवार, 05 नवंबर, 2007 को 21:04 GMT तक के समाचार
इंटरनेट सर्च इंजन के लिए मशहूर गूगल ने नई पीढ़ी के मोबाइलों के लिए एक सॉफ़्टवेयर विकसित किया है. यह मोबाइल पर इंटरनेट के प्रसार में मददगार होगा.
इस सॉफ़्टवेयर से मोबाइल की क़ीमतों में भी गिरावट आने की संभावना है. इससे मोबाइल पर मिलने वाली सुविधाओं या सेवाओं को तैयार करने में तेज़ी आएगी.
गूगल फिलहाल चार मोबाइल निर्माताओं सैमसंग, एचटीसी, मोटोरोला और एलजी के साथ काम कर रहा है.
हालाँकि गूगल के ब्रांड नाम से कोई मोबाइल उतारने की घोषणा नहीं की गई है.
गूगल के नए सॉफ़्टवेयर वाले मोबाइल अगले साल के मध्य तक बाज़ार में उपलब्ध होंगे.
बाज़ार
गूगल के निदेशक एंडी रुबिन का कहना था, "यह बड़ी सहजता से मोबाइल में इंटरनेट के प्रयोग को बढ़ा देगा."
गूगल के इस क़दम से बाज़ार के अन्य खिलाड़ियों जैसे माइक्रोसॉफ़्ट, रिसर्च इन मोशन, पाम और सिम्बियान को कड़ी चुनौती मिलेगी. ये कंपनियाँ मोबाइल के लिए सॉफ़्टवेयर बनाती हैं.
गूगल का एंड्रॉयड सॉफ़्टवेयर मोबाइल हैंडसेट निर्माताओं को मुफ़्त में दिया जाएगा जिससे विभिन्न कंपनियों के बीच मोबाइल की क़ीमतें कम करने की होड़ मच सकती है.
अमरीका में स्प्रिंट नेक्सटेल और टी-मोबाइल के ग्राहकों को इसकी सुविधा मिलेगी.
इनके अलावा चीन में चाइना मोबाइल, स्पेन में टेलीफोनिका और इटली की टेलीकॉम इटालिया कंपनी ने गूगल सॉफ़्टवेयर से लैस मोबाइल बाज़ार में उतारने के लिए अनुबंध किया है.