http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 27 अक्तूबर, 2007 को 14:07 GMT तक के समाचार

अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में नया कक्ष

डिस्कवरी से अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर पहुँचे विशेषज्ञों ने अंतरिक्ष में चहलक़दमी करते हुए वहाँ एक नया कक्ष तैयार कर दिया है.

स्कॉट पैराजिंस्की और डॉग व्हीलॉक को डिस्कवरी के सामान कक्ष से 14 टन वज़नी इकाई 'हारमोनी' को रोबोटिक आर्म के ज़रिए अस्थाई तौर पर आईएसएस के नज़दीक लाने में छह घंटे का समय लगा.

‘हारमोनी’ नाम की इस इकाई को अंतरिक्ष स्टेशन से जोड़ने के लिए अंतरिक्ष यात्रियों की पांच बार और चहलकदमी करने की योजना है.

हारमोनी से आईएसएस पर काम करने वालों को 18 प्रतिशत अतिरिक्त स्थान मिलेगा. वर्ष 2001 के बाद से रहने और काम करने के स्थान में यह पहला विस्तार है.

इससे अमरीका की डेस्टिनी प्रयोगशाला और भविष्य में बनने वाली यूरोप और जापान की प्रयोगशालाओं के बीच रास्ता उपलब्ध होगा.

सुरक्षा जाँच

हारमोनी का निर्माण इटली की कंपनी थेल्स एलेनिया स्पेस ने किया है. इसका वज़न 14 टन है और यह सात मीटर लंबा और लगभग साढ़े चार मीटर चौड़ा है.

हारमोनी को स्थापित करने की प्रक्रिया का नेतृत्व इटली के अंतरिक्ष यात्री और मिशन के विशेषज्ञ पाओलो नेस्पोली ने किया.

डिस्कवरी गुरूवार को अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र पर पहुंचा था.

आईएसएस पर पहुंचने से पहले यान ने पीछे की ओर पलटी ली ताकि स्टेशन पर मौजूद सदस्य यान को धरती से छोड़े जाने के समय इसके पंखों और आगे के भाग को हुए किसी नुकसान की जांच कर सकें.

इसके बाद यान अंतरिक्ष में चक्कर लगा रहे प्लेटफॉर्म से जुड़ गया. उस समय यान और प्लेटफॉर्म दोनों की गति एक समान 28 हज़ार किलोमीटर प्रति घंटा थी.

अंतरिक्ष यात्रियों ने बुधवार को रोबोट आर्म के जरिए यान के पंखों और आगे के हिस्से की जांच की थी. अंतरिक्ष यान कोलंबिया की 2003 में दुर्घटना के बाद से ऐसी जांच अब नियमित रूप से की जाती है.