http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 22 अगस्त, 2007 को 16:15 GMT तक के समाचार

यू ट्यूब पर अब दिखेंगे वीडियो विज्ञापन

इंटरनेट सर्चन इंजन गूगल ने कहा है कि वीडियो क्लिप की सुविधा देने वाली वेबसाइट यू ट्यूब पर अब वीडियो विज्ञापन की सुविधा शुरू की जा रहा है.

गूगल का कहना है कि इस बात का ध्यान रखा गया है कि ये विज्ञापन वेबसाइट देखने वाले लोगों के लिए बाधा न बनें.

कोई भी व्यक्ति जब यू ट्यूब पर वीडियो देखना शुरू करेगा उसके 15 सैकेंड बाद ये वीडियो विज्ञापन शुरू हो जाएँगे लेकिन ये स्क्रीन के सिर्फ़ 20 फ़ीसदी हिस्से पर ही दिखाई देंगे.

गूगल का कहना है कि अगर कोई भी व्यक्ति 10 सैकेंड के भीतर विज्ञापन पर क्लिक नहीं करता है तो ये विज्ञापन स्क्रीन से ग़ायब हो जाएगा.

वीडियो विज्ञापन

यू ट्यूब पर पहले से ही विज्ञापन बैनरों का इस्तेमाल किया जा रहा है. अब वीडियो विज्ञापन शुरू करने का गूगल का मकसद यू ट्यूब के ज़रिए आमदनी बढ़ाना है.

गूगल ने यू ट्यूब को पिछले वर्ष 1.65 अरब डॉलर में ख़रीदा था.

गूगल के मीडिया मामलों के निदेशक आईलीन नॉटन कहते हैं, यू ट्यूब भी उसी धारणा में विश्वास रखता है जो गूगल की है और वो ये कि जो भी विज्ञापन लगाए जाएँ वो सेवा इस्तेमाल करने वालों के लिए कुछ फ़ायदेमंद हो.

यू ट्यूब पर वीडियो विज्ञापन देने की इच्छुक कंपनियों में वार्नर म्यूज़िक, न्यूज़ कॉरपोरेशन, ट्वेन्टीइथ सेंच्युरी फॉक्स और न्यू लाइन सिनेमा शामिल है.

ये विज्ञापन म्यूज़िक वीडियो और अन्य वीडियो के साथ जुड़े होंगे.

बाज़ार के जानकारों के मुताबिक अमरीका में 2011 तक वेबसाइटों पर वीडियो विज्ञापनों का मूल्य 4.3 अरब डॉलर तक हो जाएगा.