http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 18 अगस्त, 2007 को 20:45 GMT तक के समाचार

चार हमशक्ल बच्चियों का जन्म

जुड़वाँ बच्चा होना चिकित्सा जगत के लिए कोई नई बात नहीं है लेकिन एक कनाडाई महिला ने एक साथ चार बच्चों को जन्म दिया है जिनके नैन-नख़्श एक जैसे हैं.

ये चारों हमशक्ल लड़कियाँ हैं और इनका जन्म अमरीकी अस्पताल में हुआ है क्योंकि कनाडा में शिशुओं के लिए बनी आईसीयू में जगह नहीं थी.

जेपी ने अपनी पत्नी कारेन जेप को मोंटाना के एक अस्पताल में भर्ती कराया था जहाँ सर्जरी से इन बच्चों का जन्म हुआ.

चारों लड़कियों की तबीयत दुरूस्त है. हालाँकि नीयत समय से दो माह पहले ही इनका जन्म हुआ है.

दुर्लभ घटना

पहले तो कनाडा के ही कलगरी अस्पताल में जेप को भर्ती कराया गया लेकिन समय से पहले कई बच्चों का जन्म होने के कारण जगह खाली नहीं रह गया.

निर्धारित समय से पहले जन्म लेने के कारण चारों लड़कियों का वज़न एक से 1.3 किलोग्राम के बीच है लेकिन उन्हें साँस लेने में कोई कठिनाई नहीं हो रही है.

डॉक्टरों का कहना है कि प्राकृतिक तरीके से गर्भधारण करने वाली महिलाओं में एक साथ चार बच्चों को जन्म देने की संभावना एक करोड़ तीस लाख में से किसी एक महिला में होती है.