शनिवार, 11 अगस्त, 2007 को 03:50 GMT तक के समाचार
अमरीकी स्पेस शटल एंडेवर अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन से सफलतापूर्वक जुड़ गया है.
सात अंतरिक्ष यात्रियों के साथ एंडेवर कम से कम एक हफ़्ते के मिशन पर है.
जुड़ने से पहले अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी (नासा) के वैज्ञानिकों ने एंडेवर की रवानगी के समय उसके फोम कवच में हुई क्षति का जायजा लिया.
यह नासा के इस साल रवाना होने वाले चार अभियानों में से दूसरा है. नासा 100 अरब डॉलर की लागत से बनने वाले अंतरिक्ष स्टेशन को 2010 तक हर हाल में तैयार कर लेना चाहता है.
एंडेवर में सात अंतरिक्ष यात्रियों में से 55 वर्षीय बारबरा मॉर्गन भी हैं, जो शिक्षिका रही हैं.
बारबरा को शिक्षिका क्रिस्टा मैकआलिफ़ के रिज़र्व के रूप में वर्ष 1986 में चैलेंजर मिशन के लिए चुना गया था. चैलेंजर उड़ान भरने के 73 सेकंड बाद ही यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया था और इसमें सवार सभी सातों अंतरिक्ष यात्री मारे गए थे.
बारबरा के अंतरिक्ष जाने से वह सपना पूरा हो गया जो क्रिस्टा मैकआलिफ़ सहित चैलेंजर के अन्य अंतरिक्ष यात्रियों ने संजोया था.
वर्ष 2003 में कोलंबिया दुर्घटना के बाद एंडेवर की यह पहली उड़ान है. कोलंबिया दुर्घटना में भारतीय मूल की कल्पना चावला समेत सातों अंतरिक्ष यात्री मारे गए थे.