शनिवार, 16 जून, 2007 को 12:48 GMT तक के समाचार
ब्राज़ील के वैज्ञानिकों ने एक अनुसंधान अभियान के आधार पर दावा किया है कि अमेज़न दुनिया की सबसे लंबी नदी है.
अभी तक लंबाई के हिसाब से मिस्र की नील नदी पहले स्थान पर रखी जाती है और अमेज़न दूसरे नंबर पर आती है.
उल्लेखनीय है कि फैलाव के मामले में अमेज़न को दुनिया की सबसे बड़ी नदी माना जाता है.
अमेज़न को दुनिया की सबसे लंबी नदी बताने का दावा पेरू के दक्षिणी इलाक़े में किए गए एक अभियान के बाद किया गया.
अभियान में शामिल वैज्ञानिकों का दावा है कि अमेज़न नदी की शुरूआत दक्षिणी पेरू में स्थित बर्फ़ीले पर्वत मिस्मी से होती है.
इस अभियान ने अमेज़न को 6800 किलोमीटर लंबा आंका गया जबकि नील नदी को 6695 किलोमीटर लंबा माना जाता है.
अमेज़न नदी का उदगम ढूंढने के लिए अनुसंधानकर्ताओं ने शून्य से नीचे के तापमान में 14 दिन तक यात्रा की.
तब ये तथ्य सामने आया कि नदी का उदगम स्थल मिस्मी पर्वत पर 5000 मीटर की ऊँचाई पर स्थित है.
पिछले कुछ सालों से दुनिया की सबसे लंबी नदी के बारे में कई तरह के दावे किए जाते रहे हैं.
आकलन
हालांकि किसी भी नदी की ठीक-ठीक लंबाई का आकलन करना आसान नहीं है. यह नदी के स्रोत और उदगम स्थल की सही जानकारी होने के बाद ही पता लगाया जा सकता है.
ब्राज़ील के वैज्ञानिकों के इस दावे से पहले अमेज़न नदी का उदगम पेरू के उत्तर में माना जाता है.
हालांकि अभी भी अमेज़न नदी के उदगम स्थल के बारे में अंतिम फ़ैसला लिया जाना बाकी है.
वैज्ञानिकों का कहना है कि अमेज़न नदी के उदगम के दोनों ही दावों के अनुसार ये दुनिया की सबसे लंबी नदी मानी जाएगी.
ब्राज़ील में भूगोल और साँख्यिकी का अध्ययन कर रहे संस्थान 'ब्राज़ीलियन इंस्टीट्यूट ऑफ़ ज्योग्राफी एंड स्टेटिस्टिक्स' में विज्ञान निदेशक गिडो गेली ने ब्राज़ील की टीवी प्रसारण सेवा ग्लोबो टीवी को बताया कि आज तथ्यों के आधार पर अमेज़न को दुनिया की सबसे बड़ी नदी माना जा सकता है.