http://www.bbcchindi.com

शुक्रवार, 27 अप्रैल, 2007 को 05:59 GMT तक के समाचार

हॉकिंग ने शून्य गुरुत्व में उड़ान भरी

मशहूर ब्रिटिश भौतिक वैज्ञानिक स्टीफ़न हॉकिंग ने विशेष रूप से तैयार किए गए विमान में बिना गुरुत्वाकर्षण बल वाले क्षेत्र में सफलतापूर्वक उड़ान पूरी कर ली है.

'ए ब्रीफ़ हिस्ट्री ऑफ़ टाइम' जैसी मशहूर किताब लिख चुके स्टीफ़न हॉकिंग को एएलएस नाम की असाध्य बीमारी है. इस बीमारी में मांसपेशियाँ काम करना बंद कर देती हैं.

विकलांगता के बावजूद स्टीफ़न हॉकिंग ने अपने व्हीलचेयर पर इस उड़ान को बिना किसी रुकावट या असुविधा के पूरा किया.

नासा के केनेडी अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरने के बाद विमान एक घंटे से भी अधिक समय तक आकाश में रहा और तक़रीबन 25-25 सेकेंड के कई चरण शून्य भार वाले यानी बिना गुरुत्वाकर्षण बल वाले क्षेत्र में गुजारे.

विशेष रूप से तैयार किए गए बोइंग 727 जेट विमान ने अटलांटिक महासागर के ऊपर से गुजरते वक़्त बिना गुरुत्व वाले क्षेत्र में उड़ान भरी.

इससे स्टीफ़न हॉकिंग अंतरिक्ष में जाने के अपने सपने के एक क़दम और क़रीब पहुँच गए हैं.

उड़ान के बाद हॉकिंग ने कहा,''बिना गुरत्वाकर्षण बल वाले क्षेत्र में उड़ना शानदार था. मैं और ऊपर जा सकता था.''

शुरू में आयोजकों ने एक से तीन बार बिना गुरुत्व वाले क्षेत्र में जाने की योजना बनाई थी लेकिन बाद में आठ बार ऐसा किया गया और स्टीफ़न हॉकिंग कुल मिलाकर चार मिनट तक भार विहीन रहे.

अमरीकी फ़र्म जीरो ग्रेवटी इस उड़ान के लिए यात्रियों से 3,750 डॉलर किराया लेता है लेकिन स्टीफ़न हॉकिंग से यह शुल्क नहीं लिया गया.