http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 14 अप्रैल, 2007 को 15:56 GMT तक के समाचार

विंडोज़-XP 2008 में रिटायर होगी

माइक्रोसॉफ़्ट ने विंडोज़-XP को वर्ष 2008 में रिटायर करने का फ़ैसला किया है जिसका मतलब है कि यह ऑपरेटिंग सिस्टम नए कंप्यूटरों में मिलना बंद हो जाएगा.

माइक्रोसॉफ़्ट ने फ़ैसला किया है कि 31 जनवरी 2008 के बाद से नए कंप्यूटरों में विंडोज़-XP नहीं आएगा हालाँकि माइक्रोसॉफ़्ट के नए ऑपरेटिंग सिस्टम विंडोज़ विस्टा को उम्मीद के अनुसार स्वागत नहीं मिला है.

अमरीका की एक सर्वेक्षण संस्था हैरिस इंटरैक्टिव ने पाया है कि जिन लोगों से जानकारी हासिल की गई उनमें से सिर्फ़ दस प्रतिशत ने ही कहा कि वे निकट भविष्य में विंडोज़-XP से विस्टा के लिए अपडेट कराएंगे.

अब माइक्रोसॉफ़्ट ने विंडोज़-XP को जनवरी 2008 से बंद करने का जो फ़ैसला किया है उससे तमाम तरह के पीसी प्रभावित होंगे जिनमें टेबलेट पीसी भी शामिल होंगे.

माइक्रोसॉफ़्ट ने पुष्टि की है कि डेल, एचपी और तोशीबा जैसे बड़ी कंप्यूटर निर्माता कंपनियाँ 31 जनवरी 2008 के बाद नई मशीनों पर विंडोज़-XP लगाने के लिए लाइसेंस नहीं ख़रीद सकेंगे.

माइक्रोसॉफ़्ट का कहना है कि विंडोज़-XP को इसलिए रिटायर किया जा रहा है ताकि विंडोज़ विस्टा के लिए रास्ता साफ़ हो सके.

ग़ौरतलब है कि विंडोज़ विस्टा यूरोप में जनवरी 2007 में बाज़ार में उतारी गया था.

हालाँकि अप्रैल में हुआ बाज़ार सर्वेक्षणों में पाया गया है कि विस्टा अभी उपभोक्ताओं में उत्साहजनक जगह नहीं बना पाया है.