सोमवार, 12 मार्च, 2007 को 03:50 GMT तक के समाचार
भारत के नवीनतम संचार उपग्रह इनसैट-4 बी का सोमवार को सफलता पूर्वक प्रक्षेपण कर दिया गया.
इसे फ्रेंच गुयाना के कौरू स्थित केंद्र से एरियन-5 के जरिए प्रक्षेपित किया गया.
इसके पहले इनसेट-4बी को रविवार को प्रक्षेपित किया जाना था. लेकिन निर्धारित समय से ठीक पहले तकनीक ख़राबी का पता चलने से प्रक्षेपण टाल दिया गया था.
इनसैट-4 बी इनसैट सिरीज़ की चौथी पीढ़ी का दूसरा उपग्रह है जिसमें ट्रांसपोंडरों की संख्या मौजूदा 175 से बढ़ाकर 199 की किए जाने का लक्ष्य है.
इस उपग्रह में डायरेक्ट टू होम (डीटीएच) प्रसारण के लिए 12 उच्च शक्ति के क्यू बैंड और 12 सी बैंड ट्रांसपोंडर्स लगाए गए हैं.
एरियन-5 को इनसेट 4 बी के अलावा ब्रिटेन के जासूसी उपग्रह स्काइनेट-5ए को भी कक्षा में स्थापित करना है.
एरियन स्पेस के अधिकारियों का कहना है कि दोनों अंतरिक्ष यान इनसेट 4बी और स्काइनेट 5 ए सुरक्षित हैं.
इनसैट-4बी का वज़न 3025 किलोग्राम है, जबकि ब्रिटेन के उपग्रह स्काइनेट-5 ए का वजन 4700 किलोग्राम है.