http://www.bbcchindi.com

बुधवार, 07 मार्च, 2007 को 06:06 GMT तक के समाचार

माइक्रोसॉफ़्ट ने गूगल पर आरोप लगाए

दुनिया की सबसे बड़ी सॉफ़्टवेयर कंपनी माइक्रोसॉफ़्ट ने इंटरनेट सर्च इंजन गूगल पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

माइक्रोसॉफ़्ट के एक वरिष्ठ अधिकारी टॉन रुबिन ने प्रकाशकों को दिए गए एक भाषण में गूगल पर 'व्यवस्थित ढंग से लेखकों के कापीराइट का उल्लंघन' करने का आरोप लगाया है.

पिछले साल दिसंबर में माइक्रोसॉफ़्ट ने 'लाइव सर्च बुक्स' योजना के तहत उन किताबों को पाठकों तक पहुँचाने का काम शुरु किया है जिन पर कापीराइट की रोक लागू नहीं है.

उधर गूगल अपने 'गूगल बुक्स सर्च' योजना के तहत उन किताबों और लेख के अंश भी पाठकों को पढ़ने देता है जो कापीराइट के तहत आते हैं. माइक्रोसॉफ़्ट का मानना है कि इससे लेखकों को होने वाला मुनाफ़ा घटता है.

गूगल की योजना है कि वह पूरी दुनिया में उपलब्ध लाखों पुस्तकों और पत्रिकाओं को स्कैन कर अपने पाठकों को उपलब्ध कराएगा.

उधर गूगल का कहना है कि वह कोई ग़लत काम नहीं कर रहा और उसकी योजना से लेखकों को फ़ायदा होता है क्योंकि उनका काम पाठकों तक पहुँचता है.

बीबीसी संवाददाता गिट्टो हैरी का कहना है कि माइक्रोसॉफ़्ट के अधिकारी की टिप्पणी अपने प्रतिद्वंद्वी पर तीख़ा हमला है.

पर्यवेक्षकों का मानना है कि ये विवाद इस बात का संकेत है कि दोनो कंपनियों के बीच ऑनलाइन पर उपलब्ध सामग्री और सॉफ़्टवेयर के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा बढ़ रही है.