मंगलवार, 13 फ़रवरी, 2007 को 10:25 GMT तक के समाचार
एक अध्ययन के मुताबिक दिन में झपकी लेना दिल के लिए फ़ायदेमंद साबित होता है और इससे दिल की बीमारी की आशंका कम हो जाती है.
यूनान के शोधकर्ताओं ने छह वर्ष के अध्ययन के बाद पता लगाया है कि जो लोग हफ़्ते में तीन बार दोपहर में कम से कम आधे घंटे की नींद लेते हैं, उनमें दिल की बीमारियों से मौत होने का जोखिम 37 फ़ीसदी कम हो जाता है.
विशेषज्ञों का कहना है कि दिन में झपकी लेने से लोगों को आराम मिलता है और उन्हें तनाव कम करने में मदद मिलती है.
माना जाता है कि उन देशों में जहाँ दोपहर में सोना आम बात है, वहाँ दिल की बीमारियों का स्तर कम है, लेकिन अध्ययन में मिश्रित नतीजे सामने आए हैं.
पुरुषों को लाभ
शोधकर्ताओं ने अपने अध्ययन में 20 वर्ष से 86 वर्ष की आयु के 23 हज़ार 681 पुरुषों और महिलाओं को शामिल किया.
अध्ययन में शामिल व्यक्तियों को दिल की बीमारी नहीं थी.
इन लोगों से पूछा गया कि वो दिन में अक्सर कितनी बार झपकी लेते हैं. साथ ही उनकी खानपान की आदतों और शारीरिक सक्रियता की भी जानकारी ली गई.
शोधकर्ताओं ने पाया कि कामकाजी पुरुष जो दिन में नींद लेते हैं उनमें दिल की बीमारी की आशंका 64 फ़ीसदी घट जाती है, जबकि ग़ैर कामकाजी पुरुषों में संभावना कम होने का प्रतिशत 36 रहा.