रविवार, 06 अगस्त, 2006 को 23:48 GMT तक के समाचार
एक शोध के बाद कहा गया है कि दूसरों के धूम्रपान से भी नुक़सान होता है और हड्डियों की बीमारी हो जाने का ख़तरा बढ़ जाता है.
वैज्ञानिकों का कहना है कि इससे हड्डियों के भंगुर होने की बीमारी यानी ऑस्टियोपोरोसिस होने का ख़तरा तीन गुना बढ़ जाता है.
इस बीमारी से हड्डियाँ नाज़ुक हो जाती हैं और जल्दी टूटने का ख़तरा बना रहता है.
इसके अलावा इससे महिलाओं में रजोनिवृत्ति समय से पहले होने की आशंका को बढ़ा देता है.
एक अमरीकी और चीनी अध्ययन के बाद ये चेतावनी दी गई है.
टोरंटो में ऑस्टियोपोरोसिस पर हो रहे एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कहा गया है कि दूसरों के धूम्रपान यानी परोक्ष धूम्रपान से पुरुषों और महिलाओं दोनों को नुक़सान होता है.
विशेषज्ञों का कहना है कि इस अध्ययन से धूम्रपान और हड्डियों के संबंध का भी पता चला है.
ऑस्टियोपोरोसिस ऐसी बीमारी है जिसमें मरीज़ को आरंभिक स्तर पर बीमारी का पता ही नहीं चल पाता.
इस अध्ययन में चीन के ग्रामीण इलाक़ों में रजोनिवृत्ति से पहले और बाद में महिलाओं का अध्ययन किया गया और धूम्रपान से इसके संबंध का भी अध्ययन किया गया.
इसी तरह से धूम्रपान को लेकर अध्ययन किया गया.
यह अध्ययन मुख्य रुप से उन लोगों पर था जो सेकैंड-हैंड धूम्रपान करते हैं यानी उस व्यक्ति के साथ ही रहते हैं जो नियमित धूम्रपान करता है.