http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 08 जुलाई, 2006 को 21:09 GMT तक के समाचार

गूगल के चित्रों से इसरो को चिंता

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संस्थान (इसरो) के प्रमुख जी माधवन नायर ने गूगल के सेटेलाइट चित्रों को लेकर चिंता जताई है.

उनका कहना है कि भारत के कई संवेदनशील स्थानों के 'हाई रिज़ोल्यूशन' चित्र जिस तरह से 'गूगल अर्थ' के सेटेलाइट से उपलब्ध हो रहे हैं उसे लेकर अधिकारियों को चर्चा करनी चाहिए.

उल्लेखनीय है कि गूगल ने पिछले साल 'गूगल अर्थ' के नाम से एक इंटरनेट सर्च इंजन शुरु किया था जिसमें किसी को भी पृथ्वी के किसी भी स्थान का सेटेलाइट चित्र मिल जाता है.

जी माधवन नायर ने एक टेलीविज़न चैनल एनडीटीवी के कार्यक्रम में कहा कि उदाहरण के तौर पर ही देखें तो दिल्ली और बैंगलोर के ऐसे चित्र उसमें उपलब्ध हैं जो आमतौर पर नहीं होने चाहिए.

उनका कहना है कि देश की रक्षा एजेंसियों को इस बारे में कुछ करना चाहिए जिससे कि सेटेलाइट से कोई चित्र न लिया जा सके.

उनका कहना था, "गूगल के अधिकारियों से इस बारे में बात करनी चाहिए और उन्हें समझाना चाहिए कि सुरक्षा को लेकर जिस तरह की चुनौतियाँ हमारे सामने हैं उसमें ऐसे चित्र दिखाया जाना ठीक नहीं है."

इससे पहले दक्षिण कोरिया और थाइलैंड इस तरह की चिंता ज़ाहिर कर चुके हैं.