http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 04 जुलाई, 2006 को 19:36 GMT तक के समाचार

अंतरिक्ष यान डिस्कवरी से कुछ टुकड़े गिरे

अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी अंतरिक्ष यान डिस्कवरी के फ्लोरिडा के अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरने के बाद ईंधन टैंक से कुछ टुकड़े गिरे थे.

नासा के एक अधिकारी का कहना था कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ये इंसूलेशन फ़ोम का हिस्सा थे या फिर कुछ और

इससे पहले ख़राब मौसम के कारण इसकी उड़ान दो बार स्थगित करनी पड़ी थी. साथ ही ईंधन टैंक में ख़राबी के कारण इसकी उड़ान को लेकर संशय बना हुआ था.

लेकिन नासा के अधिकारियों ने डिस्कवरी की उड़ान को हरी झंडी दिखा दी थी.

यान का मुआयना करने के बाद इंजीनियरों ने कहा था कि उसके बाहरी ईंधन टैंक की इन्सूलेटिंग फ़ोम यानी बाह्य आवरण में दरार है. लेकिन बाद में नासा ने कहा कि इस दरार से कोई ख़तरा नहीं है.

परीक्षण और आपूर्ति

इसमें सात अंतरिक्ष यात्री हैं जिनमें पांच पुरुष और दो महिलाएँ शामिल हैं. ये अंतरिक्ष यात्री अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में नए सुरक्षा उपकरणों का परीक्षण करेंगे और वहाँ आपूर्ति पहुँचाएंगे.

योजना के मुताबिक डिस्कवरी यान दो हफ़्ते से भी कम समय के लिए अंतरिक्ष में रहेगा.

यान में एक जर्मन यात्री भी गया है जो अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र में जाकर छह महीने बिताने वाला पहला यूरोपीय अंतरिक्ष यात्री बन जाएगा.

लेकिन इस उड़ान का मुख्य मकसद उन सुरक्षा प्रणालियों का परीक्षण करना है जो फरवरी 2003 में कोलंबिया यान के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद शुरू की गईं हैं.

धरती पर वापस आते समय कोलंबिया के बाहरी टैंक से इन्सूलेटिंग फ़ोम टूट गई थी जिसके कारण इसमें सवार कल्पना चावला समेत सभी सातों अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई थी.

ग़ौरतलब है कि कुछ समय पहले नासा ने भारतीय मूल की एक और अंतरिक्ष यात्री सुनीता विलियम्स को उड़ान भरने के लिए चुना है.