रविवार, 16 अप्रैल, 2006 को 09:48 GMT तक के समाचार
ब्रिटेन सरकार के प्रमुख वैज्ञानिक का कहना है कि पृथ्वी का तापमान तीन डिग्री सेंटीग्रेड तक बढ़ सकता है.
प्रोफेसर सर डेविड किंग ने चेतावनी दी है कि ऐसा इसलिए होगा क्योंकि दुनिया के अधिकतर देशों की सरकारें ग्रीनहाउस गैसों के उत्सर्जन को कम करने पर राज़ी नहीं हैं.
किंग ने बीबीसी को बताया कि पृथ्वी का तापमान बढ़ने से रोकने के लिए सरकारों को अभी उपाय करने होंगे वर्ना अगले सौ सालों में स्थिति बेहद ख़राब हो सकती है.
हालांकि डेविड किंग ने यह भी कहा कि अगर सभी देशों के बीच कोई सहमति बन जाती है तो भी तापमान बढ़ेगा ही.
ब्रिटेन की सरकार और यूरोपीय संघ जलवायु परिवर्तन को स्थिर करने के लिए समझौते पर राज़ी हैं लेकिन अमरीका गैसों के उत्सर्जन को सीमित करने पर बिल्कुल तैयार नहीं है.
अमरीका के अलावा भारत और चीन में भी गैसों का उत्सर्जन तेज़ी से बढ़ रहा है.
हाल ही में हैडले सेंटर ने एक रिपोर्ट पेश की थी और इस रिपोर्ट में बताया गया है कि अगर पृथ्वी का तापमान तीन डिग्री सेंटीग्रेड बढ़ा तो क्या प्रभाव पड़ेंगे.
प्रोफेसर किंग ने बीबीसी 4 के टुडे कार्यक्रम में कहा कि इन आकड़ों से अफरा तफरी मचाने की ज़रुरत नहीं है लेकिन हाथ पर हाथ धरे बैठे रहना भी सही नहीं होगा.
उन्होंने यह भी कहा कि कार्बन डाई आक्साइड उत्सर्जन के मामले में राजनेता बहुत बड़ा रिस्क ले रहे हैं.