http://www.bbcchindi.com

मंगलवार, 14 मार्च, 2006 को 07:36 GMT तक के समाचार

वायुमंडल में कार्बन डाइआक्साइड बढ़ा

अमरीका में पर्यावरण वैज्ञानिकों ने पाया है कि पृथ्वी के वायुमंडल में कार्बन डाइआक्साइड गैस की मात्रा रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई है.

बीबीसी को पता चला है कि दुनिया में विभिन्न जगह से एकत्र किए गए वायुमंडल के नमूनों पर आधारित आँकड़ो के अनुसार वर्ष 2005 में भी वायुमंडल में कार्बन डाइआक्साइड गैस की मात्रा में भारी वृद्धि जारी है.

कार्बन डाइआक्साइड ग्रीनहाउस गैसों में से एक है और वैज्ञानिकों का मानना है कि वायुमंडल में इन गैसों के बढ़ते उत्सर्जन से पृथ्वी का तापमान बढ़ रहा है.

ताज़ा आँकड़े अमरीका के कोलोरैडो प्रांत में स्थित अमरीकी शोध केंद्र ने जुटाए हैं.

ब्रितानी सरकार के मुख्य वैज्ञानिक डेविड किंग ने बीबीसी को बताया कि ताज़ा आँकड़े चिंताजनक हैं.

उनके अनुसार पिछले दस लाख वर्षों में वायुमंडल में कार्बन डाइआक्साइड गैस की मात्रा सबसे ज़्यादा है.

अमरीकी शोध केंद्र में कार्बन डाइआक्साइड गैस की मात्रा पर नज़र रखने वाले डॉक्टर पीटर टैंस ने बीबीसी को बताया, "इस गैस की मात्रा कम होने के कोई आसार नहीं हैं. बल्कि इसके उलट हो रहा है और इसकी मात्रा तेज़ी से बढ़ रही है."