शुक्रवार, 03 मार्च, 2006 को 13:06 GMT तक के समाचार
एक ब्रितानी पत्रिका ने ख़बर दी है कि अमरीकी रक्षा मंत्रालय पेंटागन के वैज्ञानिक शार्क मछलियों को ऐसे जासूस में परिवर्तित करने पर काम कर रहे हैं जो बिना नज़र में आए जहाज़ों का पीछा करने में सक्षम हो सकती हैं.
न्यू साइंटिस्ट पत्रिका ने कहा है कि ये वैज्ञानिक इन शार्क मछलियों को रिमोट कंट्रोल से चलाने की योजना बना रहे हैं जिसके लिए शार्कों के मस्तिष्क में उपकरण लगाए जाएंगे.
न्यू साइंटिस्ट का कहाना है कि इस परियोजना का उद्देश्य पानी में तेज़ी से चलने की शार्कों की प्राकृतिक प्रतिभा का फ़ायदा उठाना है.
पत्रिका का कहना है कि यह असाधारण परियोजना पिछले सप्ताह हवाई में जारी की गई. इस शोध परियोजना को पेंटागन आर्थिक सहायता दे रहा है.
पत्रिका का कहना है कि इस परियोजना के तहत शार्कों के दिमाग़ में ऐसे उपकरण लगाए जाएंगे जिनके ज़रिए उन्हें निर्देशित किया जा सकता है.
इस तरह के उपकरण पहले भी मछलियों, चूहों और बंदरों में लगाकर देखे जा चुके हैं.
अब पेंटागन के वैज्ञानिकों के लिए अगला क़दम होगा इस तरह के उपकरणों से नियंत्रित नीले रंग के शार्कों को फ्लोरिडा के तट पर समुद्र में छोड़ना.
चूँकि रेडियो सिगनल समुद्र के पानी में भी अच्छी तरह प्रसारित होते हैं इसलिए शार्कों के साथ संचार संपर्क तेज़ी से हो सकेगा.