http://www.bbcchindi.com

गुरुवार, 04 अगस्त, 2005 को 09:51 GMT तक के समाचार

डिस्कवरी की और मरम्मत की योजना

नासा वैज्ञानिक इस बात का आकलन करने की कोशिश कर रहे हैं कि अमरीकी अंतरिक्ष यान डिस्कवरी की पृथ्वी पर वापसी से पहले क्या अभी और मरम्मत की ज़रूरत है.

बुधवार को अंतरिक्ष यात्री यान से बाहर निकले थे और उन्होंने यान के टाइल्स की मरम्मत की थी.

लेकिन इंजीनियरों को अब इस बात की आशंका सता रही है कि कॉकपिट के नज़दीक थर्मल ब्लैंकेट क्षतिग्रस्त है और इससे यान की सुरक्षित वापसी पर असर पड़ सकता है.

इसके पहले डिस्कवरी से अंतरिक्ष में गए यात्रियों में से दो सोईची नोगूची और स्टीफ़ेन रॉबिन्सन यान से बाहर निकले थे और उन्होंने टाइलों को बीच फंसे टुकड़ों को हटाया था.

प्रक्षेपण के समय डिस्कवरी के ईंधन टैंक से दो टुकड़े गिर गए थे. अंतरिक्ष यान में ताप से बचाने के लिए लगाए गए टाइल के बीच से ये टुकड़े गिरे थे.

नासा का कहना था कि तीन सेंटीमीटर के ये टुकड़े प्रक्षेपण के समय टाइलों के बीच से गिरे थे.

अमरीकी अंतरिक्ष केंद्र नासा के इंज़ीनियर इस बात को लेकर चिंतित थे कि इन टुकड़ों के गिरने के कारण पृथ्वी के वायुमंडल में प्रवेश करते समय डिस्कवरी यान को मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है और उसका तापमान बढ़ सकता है.

अंतरिक्ष यात्री स्टीफ़ेन रॉबिन्सन को यान की मरम्मत करने के लिए क्या करना है, इसके लिए उन्हें 12 पन्नों के ईमेल के ज़रिए निर्देश भेजे गए थे.

नासा के वरिष्ठ अधिकारी पिछले कई दिनों से डिस्कवरी की मरम्मत के बारे में विचार-विमर्श कर रहे थे.

कोलंबिया हादसे के बाद नासा के अधिकारी ज़्यादा सावधानी बरत रहे हैं. ढाई साल पहले कोलंबिया यान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था जिसमें सातों अंतरिक्ष यात्रियों की मौत हो गई थी.

कोलंबिया हादसे के क़रीब ढाई साल बाद डिस्कवरी का प्रक्षेपण 26 जुलाई को किया गया था.