मंगलवार, 02 अगस्त, 2005 को 00:57 GMT तक के समाचार
अमरीकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा का कहना है कि डिस्कवरी के निचले भाग की ज़रूरी मरम्मत के लिए दो अंतरिक्ष यात्री यान से बाहर जाएँगे.
नासा के अनुसार ये इसलिए ज़रुरी हो गया है क्योंकि इस मरम्मत के बिना डिस्कवरी की सुरक्षित वापसी ख़तरे में पड़ सकती है.
नासा का कहना है कि उसने ये अभूतपूर्व मरम्मत का काम बुधवार को करवाने का फ़ैसला किया है.
अंतरिक्ष में 'चलते' हुए अंतरिक्ष यात्रियों ने पहले कभी भी इस तरह की मरम्मत नहीं की है.
बताया गया है कि अंतरिक्ष यान से बाहर लटक रहे एक पदार्थ के दो 'टुकड़े' यान के लिए ख़तरनाक हो सकते हैं.
इस पदार्थ को उन टाइलों के बीच लगाया जाता है जो अंतरिक्ष यान को पृथ्वी के वायुमंडल में उसकी वापसी पर भीषण गर्मी से बचाती हैं.
महत्वपूर्ण है कि अंतरिक्ष यान जब पृथ्वी के वायुमंडल में वापस आता है तो इसकी गति ध्वनि की गति से 20 गुना होती है.