रविवार, 10 मई, 2009 को 02:17 GMT तक के समाचार
समाजवादी पार्टी के प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने शनिवार को आज़म ख़ान को आड़े हाथों लिया.
उन्होंने रामपुर में आयोजित सभा में कहा,'' आज़म ख़ान पार्टी के विरोध में काम कर रहे हैं, और मैं ये नहीं समझ पा रहा हूँ कि जो पेड़ उन्होंने लगाया, उसे वो क्यों काट रहे हैं.''
मुलायम की सलाह थी कि अब भी समय है, वो पार्टी के लिए प्रचार करें.
उन्होंने कहा कि पार्टी बनाने में आज़म ख़ान ने सहयोग दिया था, लेकिन अब वो पार्टी विरोधी काम कर रहे हैं.
मुलायम सिंह ने कहा कि जयाप्रदा रामपुर भेजी नहीं गईं थी, बल्कि आज़म उनको ख़ुद लेकर आए थे. तब वो कांग्रेस को हराने की बात करते थे और हराया भी, लेकिन अब न जाने ऐसा क्या हुआ है जिससे वो नाराज़ हैं.
उन्होंने कहा कि जयाप्रदा से यदि उनकी कोई नाराज़गी है, तो बात करके उसे दूर किया जा सकता है.
इसके पहले बीबीसी से बातचीत में आज़म ख़ान ने कहा था कि भारतीय जनता पार्टी छोड़ने वाले कल्याण सिंह से सपा के हाथ मिलाने से उन्हें काफ़ी तकलीफ़ पहुँची है
कल्याण सिंह बाबरी मस्जिद गिराए जाने के समय उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री थे.
उनका कहना था कि देश का मुस्लिम और सेक्युलर समाज छह दिसंबर को कलंक दिवस के रूप में मनाता है. आज भी छह दिसंबर को संसद ठीक से चल नहीं पाती है.
रामपुर से जयाप्रदा की उम्मीदवारी को आज़म ख़ान ने स्थानीय मामला बताते हुए कहा था कि ये बहुत छोटी बात है लेकिन कुछ लोग कुछ लोग भ्रम फैला कर असली बात से ध्यान हटा रहे हैं.