http://www.bbcchindi.com

श्रीलंका सेना को संघर्षविराम मंज़ूर नहीं

श्रीलंका सरकार ने तमिल विद्रोहियों की ओर से एकतरफ़ा संघर्षविराम की घोषणा को ख़ारिज कर दिया है और सैन्य कार्रवाई जारी रखने का फ़ैसला किया है.

श्रीलंकाई के रक्षा सचिव गोताबाया राजपक्षे ने बीबीसी से कहा है कि संघर्षविराम की घोषणा एक मज़ाक है और यह पराजित हो रहे पक्ष ने की है.

उन्होंने कहा कि इसका मक़सद स्पष्ट है कि तमिल विद्रोही अपने आपको संगठित करना चाहते हैं.

उन्होंने कहा कि संघर्ष विराम की घोषणा करने की बज़ाए विद्रोहियों को आत्मसमर्पण करना चाहिए, हथियार डाल देना चाहिए और बंधक बनाए गए निर्दोष लोगों को छोड़ देना चाहिए.

इससे पहले तमिल विद्रोहियों यानी एलटीटीई ने कहा था कि वह तत्काल प्रभाव से सेना के ख़िलाफ़ हमले रोक रहा है.

एलटीटीई के प्रवक्ता पुल्ली देवन ने तमिल विद्रोहियों के क़ब्ज़े वाले इलाक़े से बीबीसी को बताया कि क्षेत्र में 'अभूतपूर्व मानवीय संकट' और अमरीका, संयुक्त राष्ट्र और यूरोपीय संघ की युद्धविराम की अपील के बाद उन्होंने ये क़दम उठाया है.

उधर, श्रीलंका के युद्ध प्रभावित इलाके से आम नागरिकों के निकालने की कोशिश के तहत संयुक्त राष्ट्र के वरिष्ठ अधिकारी जॉन होम्स श्रीलंका पहुँचे हुए हैं.

होम्स अपनी यात्रा के दौरान श्रीलंका सरकार पर इस बात के लिए दबाव बनाने का प्रयास करेंगे कि तमिल विद्रोहियों और सेना के बीच संघर्ष में फंसे लोगों तक पहुँचने का विकल्प खुले.