बुधवार, 22 अप्रैल, 2009 को 10:13 GMT तक के समाचार
श्रीलंका की सेना का कहन है कि एलटीटीई के दो वरिष्ठ तमिल विद्रोहियों ने आत्मसमर्पण कर दिया है.
सेना की वेबसाइट के अनुसार विद्रोहियों के मीडिया समन्वयक दया मास्टर और अत्यंत वरिष्ठ विद्रोहियों के लिए दुभाषिए का काम करने वाले जार्ज ने आत्मसमर्पण कर दिया है.
संवाददाताओं का कहना है कि अगर ये रिपोर्टें सही हैं तो एलटीटीई के नेतृत्व के लिए बड़ा झटका होगा.
माना जाता है कि तमिल विद्रोहियों का नेतृत्व हमेशा से इस बात पर ज़ोर देता रहा है कि किसी भी विद्रोही को समर्पण करने की बजाय आत्महत्या कर लेना चाहिए.
सेना का कहना है कि ये दोनों आम लोगों की भागती हुई भीड़ में शामिल थे.
पिछले कुछ दिनों से सेना ने उत्तर पूर्व में विद्रोहियों को एक छोटे से इलाक़े में घेर रखा है.
सेना की वेबसाइट के अनुसार एलटीटीई में दया मास्टर की प्रमुख भूमिका रही है और वो कई वर्षों से संगठन का प्रवक्ता रहा है.
सेना का कहना है कि दया मास्टर का समर्पण न केवल विद्रोहियों के लिए गहरा झटका होगा बल्कि विदेशों में रहने वाले उन तमिलों के लिए भी जो विद्रोहियों के लिए बड़ी मात्रा में धन भेजते हैं.
दया मास्टर के साथ जार्ज ने भी समर्पण किया है जो वरिष्ठ विद्रोही नेता एसपी तमिलसेल्वन का अनुवादक था. तमिलसेल्वन की मौत 2007 में सेना के एक हवाई हमले में हुई थी.