शनिवार, 18 अप्रैल, 2009 को 19:25 GMT तक के समाचार
मुख्य चुनाव आयुक्त एन गोपालस्वामी का कहना है कि पीलीभीत से भाजपा उम्मीदवार वरुण गांधी का विवादास्पद भाषण टेलीविज़न पर जो दिखाया गया, उससे कहीं ज्यादा विषाक्त था.
गोपालस्वामी ने समाचार एजेंसी पीटीआई से इंटरव्यू में कहा,'' हमने ऐसा महसूस किया कि एक सख्त संदेश जाना चाहिए. इसके बाद सभी मामले दर्ज किए गए.''
ये पूछे जाने पर कि क्या आयोग ने वरुण गांधी के भाषणों के टेप का अध्ययन किया था, उन्होंने कहा,'' हमने इसे देखा. टेलीविज़न पर जो देखा गया है, यह उससे कहीं ज्यादा है. हमने पूरी तरह से टेप को देखा और हमने जो किया उसे लेकर हम पूरी तरह से सहमत हैं. हमें ऐसा महसूस नहीं हुआ कि हमें जो टेप मिला है, उसमें कोई छेड़छाड़ हुई है.''
वरुण को उम्मीदवार नहीं बनाए जाने की आयोग की सलाह पर गोपालस्वामी का कहना था,'' ये ऐसा मामला था ही कि आयोग को अपनी समान्य सीमा से आगे जाना पड़ा. इसलिए हम सीमा से आगे गए और मैं इसे उचित मानता हूँ.''
चुनाव आयुक्त नवीन चावला को हटाए जाने की सिफ़ारिश के बारे में गोपालस्वामी ने कहा कि उन्होंने एक रिपोर्ट तैयार की जिस पर आख़िरी फ़ैसला राष्ट्रपति को लेना था. राष्ट्रपति ने निर्णय ले लिया है. अब उस मुद्दे पर आगे बात करने की कोई ज़रूरत नहीं रह गई है.
ये पूछने पर कि क्या नवीन चावला के ख़िलाफ़ रिपोर्ट देने का उन्हें अफ़सोस है, गोपालस्वामी ने कहा कि अफ़सोस करने लायक कोई बात होती तो वो रिपोर्ट देते ही नहीं.
उल्लेखनीय है कि गोपालस्वामी सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के पद से अवकाशग्रहण कर रहे हैं और उसके अगले दिन नवीन चावला उनके स्थान पर मुख्य चुनाव आयुक्त का पद संभालेंगे.