सोमवार, 13 अप्रैल, 2009 को 08:36 GMT तक के समाचार
सुप्रीम कोर्ट ने भारतीय जनता पार्टी के नेता वरुण गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा क़ानून (रासुका) लगाए जाने के ख़िलाफ़ दायर याचिका पर सुनवाई गुरुवार तक के लिए टाल दी है.
उत्तर प्रदेश सरकार ने कथित भड़काऊ भाषण को लेकर वरुण गांधी पर रासुका लगाया है. वरुण इस समय एटा जेल में बंद हैं.
सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि वरुण गांधी यह लिखकर दें कि वे भड़काऊ भाषण नहीं देंगे. अब इस मामले की सुनवाई मुख्य न्यायाधीश केजी बालाकृष्णन की अगुआई वाली खंडपीठ करेगी.
दो अप्रैल को इस खंडपीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार और पीलीभीत के ज़िलाधिकारी को नोटिस जारी किया था और वरुण गांधी के आरोपों पर सवाल पूछा था.
याचिका में वरुण गांधी ने आरोप लगाया है कि उनके ख़िलाफ़ रासुका लगाया जाना उनकी संसदीय पारी को रोकने की राजनीतिक साज़िश है.
लेकिन उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके आरोपों को ख़ारिज कर दिया है.
पैंतीस पन्नों के अपने जवाब में उत्तर प्रदेश सरकार ने कहा है कि वरुण गांधी पर रासुका इसलिए लगाया गया क्योंकि उन्होंने सांप्रदायिक भाषण दिया था और उनकी गिरफ़्तारी के समय अदालत में काफ़ी बवाल मचा था.