http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 04 अप्रैल, 2009 को 20:38 GMT तक के समाचार

सौ से अधिक 'तमिल विद्रोही' मारे गए

श्रीलंका सेना ने दावा किया है कि देश के उत्तरी हिस्से में तमिल विद्रोहियों से जारी युद्ध के दौरान दो अलग अलग संघर्षों में 100 से अधिक तमिल विद्रोही मारे गए हैं.

हालांकि इस दावे की स्वतंत्र रूप से अभी तक पुष्टि नहीं की जा सकी है.

ब्रिगेडियर उदय नानायक्करा ने कहा है कि सेना ने पुथुकुदीयिरुप्पू में तमिल विद्रोहियों की 93 लाशें बरामद की हैं. इस इलाक़े को विद्रोहियों का अंतिम गढ़ माना जाता है.

अधिकारियों ने बताया कि इससे पहले एक समुद्री मुठभेड़ में 11 तमिल विद्रोही मारे गए हैं और उनके चार बेड़े तबाह कर दिए गए हैं.

ब्रिगेडियर नानायक्करा ने कहा कि ये युद्ध हाल के दिनों में तमिल विद्रोहियों को मिलने वाले सबसे बड़े झटकों में से एक है.

उन्होंने सेना के जवानों के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं दी और इस बारे में विद्रोहियों की ओर से भी कोई बयान जारी नहीं किया गया है.

सेना ने बार बार यह दावा किया है कि वह देश में दो दशकों से जारी इस गृह युद्ध में जीत के बहुत क़रीब हैं.

हालांकि सेना के इस दावे से उलट, तमिल समर्थक मानी जाने वाली वेबसाइट तमिल नेट ने दावा किया है कि पिछले तीन दिनों से चल रहे युद्ध में सेना ने 90 आम नागरिकों को मार दिया है जबकि 195 अन्य घायल हो गए हैं.