http://www.bbcchindi.com

शनिवार, 28 मार्च, 2009 को 18:14 GMT तक के समाचार

रामदॉस और वेलू का यूपीए से इस्तीफ़ा

पट्टाली मक्कल काची यानी पीएमके नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामदॉस तथा रेल राज्य मंत्री आर वेलू ने यूपीए सरकार से शनिवार को इस्तीफ़ा दे दिया है.

उनकी पार्टी ने लोकसभा चुनाव के लिए जयललिता के नेतृत्व में अन्नाद्रमुक से गठजोड़ किया है.

दोनों नेताओं ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से मुलाक़ात की और उन्हें इस्तीफ़े सौंपे.

प्रधानमंत्री को इस्तीफ़े देने के बाद संवाददाताओं से बात करते हुए रामदॉस ने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनके इस्तीफ़े भारी मन से आगे बढ़ाने की बात कही है.

रामदॉस ने कहा, "हमने प्रधानमंत्री को डीएमके के साथ आ रही दिक़्क़तों और उन हालात के बारे में बताया, जिनके तहत पार्टी ने गठबंधन से बाहर जाने का फ़ैसला किया."

रामदॉस ने कहा कि बीते साल जून में तमिलनाडु में डीएमके के नेतृत्व वाले गठबंधन में पीएमके को दरकिनार कर दिया गया था.

उन्होंने कहा कि करुणानिधि के नेतृत्व में पार्टी से गठजोड़ करने के पीएमके के प्रयासों का कोई नतीजा नहीं निकला.

चुनाव के बाद केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्त्व वाले गठबंधन के सत्ता में आने की स्थिति में, दोबारा सरकार में शामिल होने के बारे में जब रामदॉस से पूछा गया तो उन्होंने कहा, "इन सभी मामलों को सुलझाया जाएगा. चुनाव के बाद गठबंधन के नेता एक साथ बैठेंगे और कोई निर्णय करेंगे. मैं अब गठबंधन के बारे में बात करने की स्थिति में नहीं हूँ."