शनिवार, 28 मार्च, 2009 को 02:10 GMT तक के समाचार
कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में लोक सभा चुनाव के लिए शुक्रवार को अपने 14 उम्मीदवारों की घोषणा की.
पार्टी ने पूर्व क्रिकेट खिलाड़ी मोहम्मद अज़हरुद्दीन को उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से उम्मीदवार बनाया है.
ऐसा माना जा रहा है कि अज़हरुद्दीन के मुरादाबाद से राजनीतिक पारी शुरू करने से आसपास की संभल, अमरोहा, रामपुर और बिजनौर ज़िले की सीटों पर अच्छा असर पड़ेगा.
इन सभी सीटों पर मुस्लिम मतदाताओं की संख्या लगभग 30 फ़ीसदी है.
हालांकि कुछ प्रेक्षकों का कहना है कि अज़हर बहुत प्रभावी नहीं रह पाएँगे क्योंकि वो इस क्षेत्र और राजनीति के मैदान के नए खिलाड़ी हैं.
उल्लेखनीय है कि 2000 में मैच फ़िक्सिंग के आरोपों की जाँच के बाद अज़हरुद्दीन के खेलने पर आजीवन पाबंदी लगा दी गई थी.
दूसरी ओर कांग्रेस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री संजय सिंह को रायबरेली अमेठी से लगे सुल्तानपुर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है.
इस तरह उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के उम्मीदवारों की संख्या बढकर 53 हो गई है. उत्तर प्रदेश में लोक सभा की कुल 80 सीटें हैं.