शुक्रवार, 27 मार्च, 2009 को 11:37 GMT तक के समाचार
पाकिस्तान के क़बायली इलाक़े ख़ैबर एजेंसी में एक मस्जिद पर हुए आत्मघाती हमले में कम से कम 50 लोग मारे गए हैं.
अधिकारियों के अनुसार ये हमला जुमे की नमाज़ के वक़्त हुआ है.
ये हमला ख़ैबर एजेंसी में जमरूद तहसील से लगभग पांच किलोमीटर दूर बगयाड़ी में हुआ है.
समाचार एजेंसियों के अनुसार हमले में 70 से अधिक लोगों के घायल होने की ख़बर है. हताहतों में मस्जिद के पास की एक सुरक्षा चौकी पर तैनात पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.
एक स्थानीय अधिकारी बख़्तियार ख़ान ने समाचार एजेंसी एपी को बताया कि मौक़े वारदात पर राहत का काम जारी है.
चश्मदीदों ने बीबीसी को बताया है कि आत्मघाती हमला इतना भीष्ण था कि पूरी मस्जिद ध्वस्त हो गई.
एक स्थानीय संवाददाता ने बीबीसी उर्दू सेवा को बताया कि हमलावर ने मस्जिद में नमाज़ियों के बीच अपने आप को धमाके से उड़ा दिया.
उनका ये भी कहना था कि उन्हें ऐसा लगता है कि आत्मघाती हमलावर पहले ही से मस्जिद में मौजूद थे.
ग़ौरतलब है कि अफ़ग़ानिस्तान में तैनात नैटो के सैनिकों के लिए ख़ैबर एजेंसी से खाने का सामान ले जाने वाले काफ़िले पर हमले होते रहें हैं, लेकिन ऐसा पहली बार है जब इस इलाक़े में किसी मस्जिद पर हमला हुआ है.