बुधवार, 25 मार्च, 2009 को 22:49 GMT तक के समाचार
समाजवादी पार्टी के महासचिव अमर सिंह ने संकेत दिया है कि सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव और राष्ट्रीय जनता दल प्रमुख लालू प्रसाद यादव हाथ मिला सकते हैं.
उन्होंने कहा कि लालू प्रसाद यादव और मुलायम सिंह यादव के एक साथ आने की संभावना है.
अमर सिंह का कहना था कि वो चाहते हैं कि रामविलास पासवान भी उनके साथ आ जाएं.
अमर सिंह ने हाल ही में फ़ोन पर लालू यादव से बात भी की.
उल्लेखनीय है कि लालू यादव बिहार में कांग्रेसी उम्मीदवार खड़े किए जाने से नाखुश हैं.
अमर सिंह ने कहा कि हिंदी क्षेत्र से मुलायम और लालू यादव के सफाए की कोशिश को दोनों ही दलों के कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे.
उन्होंने कहा कि लालू और मुलायम के साथ आने से बिहार और उत्तर प्रदेश की धर्मनिरपेक्ष ताकतें एक साथ आ जाएगीं.
अमर सिंह ने बताया,'' लालू जी ने मुझे फो़न करके कहा है कि अगर समाजवादी पार्टी आरजेडी के ख़िलाफ़ उम्मीदवार भी उतारती है तो भी वो मुलायम सिंह जी के पक्ष में प्रचार करेंगे.''
लेकिन उन्होंने लालू-मुलायम के हाथ मिलाने की संभावना पर कांग्रेस के चुनावी फ़ैसलों पर कुछ नहीं कहा.