मंगलवार, 24 मार्च, 2009 को 23:38 GMT तक के समाचार
भाजपा नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने मंगलवार को मथुरा में एक चुनावी सभा के दौरान फिर दोहराया कि मनमोहन सिंह देश के अब तक के सबसे कमज़ोर प्रधानमंत्री हैं.
उन्होंने कहा है कि देश की सत्ता मनमोहन नहीं चलाते हैं, बल्कि देश 10 जनपथ के इशारे पर चलती है.
उल्लेखनीय है कि 10 जनपथ में यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी रहती हैं.
मथुरा के इस चुनावी सभा में आडवाणी ने कहा, '' मनमोहन सिंह इतने कमजोर हैं कि ख़ुद कोई निर्णय नहीं ले सकते हैं. मैंने देश के इतिहास में इतना कमजोर प्रधानमंत्री नहीं देखा.''
आडवाणी ने कहा कि यह बताने की ज़रूरत नहीं है कि देश कौन चला रहा है.
उन्होंने कहा, '' देश की सत्ता 10 जनपथ के इशारे पर चलती है. ये मनमोहन की सरकार नहीं, बल्कि सोनिया की सरकार है.''
उल्लेखनीय है कि मथुरा से अजित सिंह के बेटे जयंत चौधरी चुनाव मैदान में हैं.
इसके पहले कांग्रेस के घोषणा पत्र जारी करने के मौक़े पर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने भाजपा के नेता लालकृष्ण आडवाणी पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, '' जब आडवाणी गृह मंत्री थे तब देश की संसद पर हमला हुआ. लाल किले को भी उसी समय आतंकवादियों ने निशाना बनाया, जब देश के गृह मंत्रालय की बागडोर आडवाणी के हाथों में थी.''