सोमवार, 23 मार्च, 2009 को 10:52 GMT तक के समाचार
कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया की बेटी प्रियंका गांधी ने अपने चचरे भाई वरुण गांधी को गीता पढ़ने और भगवान की वाणी को ठीक से समझने की सलाह दी है.
प्रियंका ने वरुण के मुसलमानों के ख़िलाफ़ आपत्तिजनक टिप्पणी देने पर ये बात कही है.
सोमवार को रायबरेली के दौरे पर गई प्रियंका का वरुण के बयान पर कहना था, "वास्तव में वरुण को टेलीविज़न पर ऐसा कहते देख कर दुख होता है."
नेहरू-गांधी परिवार की राजनीतकि क़ुर्बानी और वरुण की टिप्पणी को एक साथ जोड़कर पूछे गए पत्रकारों के सवालों के जवाब में प्रियंका ने कहा, "वरुण की टिप्पणी सीधे तौर पर नेहरू-गांधी परिवार के परंपराओं के ख़िलाफ़ है."
उनका ये भी कहना था कि वरुण के बयान से पूरे गांधी परिवार की भावना आहत हुई हैं.
प्रियंका अपनी माँ और कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी के लोकसभा क्षेत्र रायबरेली में चुनाव प्रचार की तैयारियों की समीक्षा के लिए गई हुई हैं.
योजना नहीं
जब पत्रकारों ने उनसे पूछा कि क्या वो चुनाव लड़ने की योजना बना रही हैं तो उनका स्पष्ट कहना था कि इस बारे में उन्होंने नहीं सोचा है और ऐसी कोई योजना भी नहीं है.
प्रियंका गांधी और वरुण गांधी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पोती और पोते हैं. लेकिन चचरे भाई-बहनों के परिवारों के बीच संबंध सामान्य नहीं हैं और दोनों परिवारों का संबंध अलग-अलग राजनीतिक पार्टियों से भी हैं.
जहां प्रियंका, सोनिया और राहुल गांधी कांग्रेस पार्टी से जुड़े हुए हैं वहीं वरुण और उनकी माँ मेनका गांधी भाजपा से जुड़े हुए हैं.